राजस्थान में सरकारी पदों पर नई भर्तियों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा से बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में 1.25 लाख पदों पर नई भर्ती करने का एलान किया है।
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को एप्रोप्रिएशन बिल (राजस्थान वित्त एवं विनियोग विधेयक -2026) पर जवाब दे रहे थे। इस दौरान उन्होंने सरकारी पदों पर नई भर्तियों को लेकर बड़ा एलान किया। सीएम ने सरकारी विभागों में 1.25 लाख पदों पर नई भर्तियां करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश में 4 लाख भर्तियों के संकल्प को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रही है। सीएम ने बताया कि प्रदेश के भीतर मौजूदा समय में 1.43 लाख भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं और 1 लाख भर्तियों का कैलेंडर जारी किया है। सीएम ने कहा कि 'अब मैं 1 लाख पदों की जगह 1.25 लाख पदों पर भर्ती कैलेंडर जारी करने की घोषणा करता हूं।'
सीएम ने कहा कि प्रदेश में 300 नई रोडवेज बसें खरीदी जाएंगी, जिससे प्रदेश के लोगों का आवागमन सरल होगा। वहीं 5000 आदिवासी युवाओं को खुद का उद्योग लगाने के लिए ब्याज मुक्त कर्ज दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने अपने 2 साल के कार्यकाल और विपक्ष के 5 साल के कार्यकाल के कामों को सदन के सामने पेश किया। उन्होंने गिनाया कि किस तरह से उनकी सरकार प्रदेश के विकास में लगातार तेजी से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि प्रदेश और देश को मजबूत बनाना है, तो सोच को केवल वर्तमान तक सीमित नहीं रखा जा सकता। समय की मांग है कि हम आने वाले 20, 25 और 30 वर्षों को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक योजनाएं तैयार करें। भविष्य की स्पष्ट दिशा तय किए बिना विकास की गति को तेज करना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर हम आगे का रास्ता नहीं देखेंगे, तो प्रगति की रफ्तार कैसे बढ़ेगी। तेज कदमों से आगे बढ़ने के लिए भविष्य को समझना और उसी के अनुरूप तैयारी करना जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह सोच रखना कि हम व्यक्तिगत रूप से भविष्य में रहेंगे या नहीं, विकास की राह में बाधा बन सकती है। असली चिंता यह होनी चाहिए कि राष्ट्र और प्रदेश निरंतर आगे बढ़ते रहें। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का उदाहरण देते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई लड़ने वाले कई महान योद्धाओं ने अपने जीवन की परवाह किए बिना देश के लिए खुद को समर्पित कर दिया। अगर उन्होंने यह सोचा होता कि आगे क्या होगा, तो शायद देश को आजादी मिलना कठिन हो जाता।
इसी दूरदृष्टि के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत 2047’ का लक्ष्य तय किया गया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इस संकल्प को पूरा करने में राजस्थान एक मजबूत ग्रोथ इंजन के रूप में उभरेगा और देश के विकास में अहम भूमिका निभाएगा।