जयपुर

Weather Update : राजस्थान में फिर बदलेगा मौसम, 4-5 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी; कई संभागों में बरसेंगे बादल

Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने 4-5 सितंबर को कोटा संभाग और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
2 min read
Sep 02, 2026
Rajasthan Weather Update
Rajasthan Weather Update (Photo- Patrika)

Rajasthan Weather Alert : जयपुर। राजस्थान में एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी हो सकती है। 2 सितंबर को भरतपुर और जयपुर संभाग में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि प्रदेश के शेष हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने के आसार हैं।

पश्चिमी झारखंड के ऊपर बना वेल मार्क लो प्रेशर एरिया

मौसम विभाग के मुताबिक, वेल मार्क लो प्रेशर एरिया (WML)वर्तमान में पश्चिमी झारखंड और उससे लगे उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। इसके अगले 24 घंटे में धीरे-धीरे उत्तर-पश्चिमी दिशा में बढ़ते हुए उत्तरी मध्य प्रदेश और दक्षिणी उत्तर प्रदेश की ओर जाने की संभावना है। इस मौसम तंत्र के प्रभाव से राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

यहां भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 3 सितंबर को भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के साथ शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ इलाकों में बादल छाने और बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि 4 से 7 सितंबर के दौरान भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। खास तौर पर 4 और 5 सितंबर कोटा संभाग और आसपास के जिलों के लिए महत्वपूर्ण रहेंगे। यहां कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।

पूर्वी राजस्थान में बढ़ेगी बारिश की गतिविधि

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। हालांकि, प्रदेश के सभी इलाकों में एक समान बारिश होने की संभावना नहीं है और पश्चिमी राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रह सकता है।

Updated on:
02 Sept 2026 04:56 pm
Published on:
02 Sept 2026 04:14 pm