जयपुर

मानवेन्द्र सिंह के कांग्रेस में जाने से भाजपा पर नहीं होगा असर: राव राजेन्द्र सिंह

विधायक मानवेंद्र सिंह के कांग्रेस में शामिल हो जाने को कार्यकर्ताओं का अपमान करार देते हुए कहा है कि इससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
2 min read
Oct 17, 2018
Rao Rajendra Singh

जयपुर। राजस्थान विधानसभा उपाध्यक्ष राव राजेन्द्र सिंह ने विधायक मानवेंद्र सिंह के कांग्रेस में शामिल हो जाने को कार्यकर्ताओं का अपमान करार देते हुए कहा है कि इससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सिंह ने बुधवार को पत्रकारों से कहा कि उनके कांग्रेस में जाने से भाजपा के कार्यकर्ताओं का मनोबल नहीं टूटेगा और वे पार्टी के लिए अपने उसी रुप में काम करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि मानवेन्द्र सिंह का कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने का कदम उन हजारों कार्यकर्ताओं के परिश्रम का अपमान हैं जिन्होंने मेहनत कर सांसद और विधायक बनाकर राष्ट्र स्तर तक उनकी पहचान बनाई।

उन्होंने कहा कि पार्टी में एक व्यक्ति का कोई महत्व नहीं होता और न ही वह पार्टी से बड़ा होता हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग पार्टी छोड़कर जाते हैं वे यह समझते हैं कि वे पार्टी से बड़े है लेकिन भाजपा का ऐसा चरित्र नहीं हैं। मानवेन्द्र सिंह के कांग्रेस में चले जाने से आगामी विधानसभा में उनके क्षेत्र में भाजपा को नुकसान होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी जाति को वोट बैंक करार देना, यह उसका अपमान हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा किसी को वोट बैंक के रुप में नहीं देखती और नहीं जातिगत आधार पर पार्टी में किसी को महत्व मिलता हैं। उन्होंने एक प्रश्न पर कहा कि पार्टी से किसी के चले जाने पर दुख तो होता है कि वह पार्टी कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर अन्य दल में चला जाता है।

पार्टी एक या दो व्यक्ति से नहीं चलती, यह गलतफहमी और निराधार है। कांग्रेस नेताओं के भाजपा नेताओं की कांग्रेस में आने के लिए लाइन लगी होने के बयान पर उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस में जाने के लिए आतुर है वह हमारा नेता नहीं हैं।

गौरतलब है कि पूर्व केन्द्रीय विदेश मंत्री जसवंत सिंह के पुत्र विधायक मानवेन्द्र सिंह बुधवा को कांग्रेस में शामिल हो गए। वह सीमांत बाड़मेर जिले के शिव विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रुप में विधायक निर्वाचित हुए थे।

Published on:
17 Oct 2018 06:20 pm