रफ्तार का कहर और लापरवाही का आलम कुछ ऐसा है कि साल का कोई भी हफ्ता या दिन ऐसा नहीं गुजरता जब सड़क हादसे में किसी की मौत ना हुई हो।
जयपुर। तेज रफ्तार का कहर आए दिन जिंदगियों का दुशमन बना हुआ है। ताजा मामले में बेकाबू होती वाहनों की रफ्तार ने एक बार फिर तीन जनों की सांसें छीन लीं। राहगीरों पर टूट रहे तेज रफ्तार के कहर ने दुर्घटना के कुछ ही देर बाद दो परिवारों की खुशियों को सदा के लिए बिखेर दिया है। रफ्तार का कहर और लापरवाही का आलम कुछ ऐसा है कि साल का कोई भी हफ्ता या दिन ऐसा नहीं गुजरता जब सड़क हादसे में किसी की मौत ना हुई हो। लेकिन फिर भी इन लगातार हो रहे हादसों से पुलिस और प्रशासन ने कोई खास सबक नहीं लिया है। यहीं कारण है कि सड़क हादसों पर अंकुश नहीं लग रहा है।
हाल ही में प्रागपुरा थाना इलाके में दो सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। पुलिस के अनुसार रात करीब साढे़ आठ बजे नौखडि़यों की ढाणी के पास एक तेज रफ्तार कार बेकाबू होकर गड्ढे में गिरने के बाद पलट गई। कार के नीचे दबने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंच कर पुलिस ने घायलों को बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया। कार में सवार लोग शराब के नशे में थे। हादसे के शिकार लोग प्रागपुरा के रहने वाले है। मृतक की पहचान प्रागपुरा निवासी बाइस वर्षीय विकास के रूप में हुई है।
वहीं आज सुबह करीब नौ बजे नेशनल हाइवे आठ पर बावड़ी के पास एक तेज रफ्तार बाइक आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई तो दूसरे ने रास्ते में दम तोड़ दिया।
तो वहीं कालवाड़ में देर रात गोविंदनगर में एक बाइक बेकाबू होकर खड़ी कार से जा टकराई। हाइसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है। घायल युवक शराब के नशे में धुत था। हादसा रात करीब नौ बजे हुआ।
चिंकारा कैंटीन के पास देर रात एक बाइक बेकाबू होकर फिसल गई। हादसे में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंच कर सड़क दुर्घटना अनुसंधान इकाई पश्चिम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां पर एक युवक की हालात गंभीर बनी हुई है। हादसा रात करीब साढ़े दस बजे हुआ।
सिविल लाइन मेट्रो स्टेशन के पास एलीवेटेड रोड पर अलसुबह एक बाइक बेकाबू होकर खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। हादसा अलसुबह करीब साढ़े चार बजे हुआ। घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है।