जयपुर

उत्तर से दक्षिण तक 5 दिनों तक तूफान मचाएगा ‘तांडव‘, राजस्थान में उड़ेगा धूल का गुबार तो पहाड़ों पर होगी भारी बर्फबारी!

विभाग की ओर से सोमवार सुबह जारी की गई चेतावनी के मुताबिक 7 और 8 मई को उत्तर भारत के बड़े हिस्से में तेज आंधी-तूफान आने की संभावना है...
2 min read
May 07, 2018
dust storm

जयपुर। आज फिर से मौसम केंद्र ने प्रदेश के डेढ़ दर्जन से ज्यादा जिलों में अंधड़ व मेघगर्जन के साथ ओलावृष्टि होने की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तरफ हीट कनवेंन्शन सिस्टम बना हुआ है जिसके असर से इन राज्यों समेत प्रदेश में भी चक्रवाती हवाएं चलने से अंधड़ और मेघगर्जन के साथ कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि फिर से तबाही मचा सकती है।

मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों के लिए आंधी-तूफान के साथ बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग की ओर से सोमवार सुबह जारी की गई चेतावनी के मुताबिक 7 और 8 मई को उत्तर भारत के बड़े हिस्से में तेज आंधी-तूफान आने की संभावना है। खासतौर पर दिल्ली-एनसीआर में धूल भरी आंधी चल सकती है। आंधी-तूफान का ये तांड़व उत्तर भारत से होते हुए दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों तक जा सकता है। 7 तारीख को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के सुदूर इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है।

राजस्थान में तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर में तेज अंधड़ की चेतावनी जारी की है। इस चेतावनी को देखते हुए हरियाणा सरकार ने पहले ही मंगलवार तक के लिए स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी कर दिया है।


मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, असम, सिक्किम, मेघालय, त्रिपुरा, कर्नाटक और केरल में भी तूफान की स्थिति बन सकती है। वहीं पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक असम, मेघालय, नगालैंड, मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में भारी बारिश हो सकती है।

उत्तर भारत से चला तूफान 9 मई को दक्षिणी राज्यों में कहर बरपा सकता है। तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कोलकाता और केरल में तूफान और धूल भरी आंधी की संभावना है। इसका असर पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों, सिक्कीम और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी देखने को मिल सकता है। 10 और 11 मई को पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और केरल में आंधी-तूफान की आशंका है।

मौसम केंद्र की चेतावनी के अनुसार अगले 48 घंटे में मौसम के संभावित बिगडऩे वाले मिजाज का असर जयपुर समेत अजमेर , अलवर, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौडग़ढ़, दौसा, धौलपुर, झालावाड़, झुंझुनू, करौली, कोटा , राजसमंद, सवाईमाधोपुर, बीकानेर , हनुमानगढ़, गंगानगर, जोधपुर जिलों में रहने का अंदेशा है।

भरतपुर संभाग में बीते सप्ताह भी तूफान कहर बरपा चुका है वहीं अगले 48 घंटे में फिर से मौसम बिगडऩे के पूर्वानुमान जारी होने पर संभाग में भय का माहौल है। हालांकि राज्य सरकार ने आपदा राहत बचाव को लेकर अलर्ट जारी किया है। अंधड़ को देखते हुए लोगों को सावधान रहने के लिए कहा गया है। बीते बुधवार को आए तूफान से हुए जान-माल को देखते हुए अब की बार नुकसान से बचा जा सके इसके लिए लोगों और प्रशासन को सावधान रहने की जरूरत है।

Published on:
07 May 2018 04:18 pm
Also Read
View All