जयपुर

उदयलाल आंजना मामला: राज्यपाल से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, जूली बोले- BJP चला रही झूठे मुकदमों का अभियान

Rajasthan Politics: राजस्थान में पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर उठे विवाद के बीच कांग्रेस पार्टी ने मोर्चा संभाल लिया है।
2 min read
• •
Updated: 3 Jun 2025, 9:33 PM IST
Rajasthan Congress delegation
राज्यपाल से मिला कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल, फोटो- पत्रिका नेटवर्क

Rajasthan Politics: राजस्थान में पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना पर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर उठे विवाद के बीच कांग्रेस पार्टी ने मोर्चा संभाल लिया है। मंगलवार को कांग्रेस का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली की अगुवाई में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से मिला और मामले में निष्पक्ष व पारदर्शी कार्रवाई की मांग की।

राज्यपाल से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने बताया कि हाल ही में यह खबरें सामने आई थीं कि राज्यपाल के पास आंजना पर एफआईआर की अनुमति के लिए फाइल भेजी गई है। इस पर स्पष्टीकरण मांगते हुए कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात की। राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि उन्हें इस मामले में किसी फाइल की जानकारी नहीं है।

टीकाराम जूली का BJP पर बड़ा आरोप

टीकाराम जूली ने इस पूरे प्रकरण को राजनीतिक साजिश करार देते हुए कहा कि भाजपा ने प्रदेश में एक 'नया अभियान' चला रखा है। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस नेताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज करवाओ, फिर मीडिया ट्रायल के ज़रिए माहौल बनाओ, लेकिन ये केस बाद में अदालत में टिकते नहीं हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग करके भाजपा संविधान को कमजोर कर रही है।

'देश तरक्की की बजाय पीछे जा रहा है'

टीकाराम जूली ने कहा कि देश को आज जहां विकास की रफ्तार पकड़नी चाहिए थी, वहां आज हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 89 देशों की यात्रा कर चुके हैं, लेकिन जब संकट का समय आया, तो हमारे साथ कोई देश खड़ा नहीं हुआ। पाकिस्तान के साथ तीन देश थे, लेकिन भारत अकेला दिखा।

नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा के 'ऑपरेशन लोटस' को विफल बताते हुए कहा कि अब कांग्रेस नेताओं को डराकर पार्टी में शामिल कराने की रणनीति काम नहीं कर रही। तीन साल बचे हैं और जनता भाजपा से परेशान हो चुकी है।

यहां देखें वीडियो-


सपने में भी दिखती है कांग्रेस- जूली

भाजपा पर तंज कसते हुए जूली ने कहा कि बीजेपी वालों को सपने में भी कांग्रेस नजर आती है। वे दिन-रात कांग्रेस को ही बदनाम करने में लगे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस वह पार्टी है जिसने देश को आजादी दिलाई, और आज भी भाजपा को जवाब देने की ताकत रखती है।

कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

टीकाराम जूली ने राज्य सरकार और भाजपा पर कानून-व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज राजस्थान में गुंडाराज और माफियाराज चरम पर है। झालावाड़, चित्तौड़गढ़ और भादरा में सरेआम हत्याएं हो रही हैं, बजरी माफिया कर्मचारियों को कुचल रहे हैं, लेकिन भाजपा चुप है। जूली ने कहा कि कांग्रेस के खिलाफ थोड़ा सा कुछ मिल जाए, तो ये लोग आसमान सिर पर उठा लेते हैं।

बताते चलें कि राज्यपाल से मुलाकात के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) के डीजी रवि प्रकाश मेहरड़ा से भी भेंट की और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग दोहराई।

Updated on:
3 Jun 2025, 9:33 PM IST
Published on: