
पोकरण(जैसलमेर). ग्राम पंचायत चौक के महेशों की ढाणी में रविवार को एक विद्युत तार टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि किसी व्यक्ति के इसकी चपेट में नहीं आने से बड़ा हादसा टल गया। युवा नेता रावलसिंह भाटी, जालमसिंह सहित ग्रामीणों ने बताया कि गांव में वर्षों पूर्व विद्युतीकरण के दौरान विद्युत पोल व तारें लगाई गई थी। समय पर देखरेख, मरम्मत व सार-संभाल नहीं किए जाने के कारण विद्युत तारें ढीली होकर नीचे लटक रही थी। इसके अलावा कमजोर हो जाने के कारण इनके टूटने का खतरा बना हुआ था। नानणियाई जीएसएस से गांव तक लगाई गई विद्युत लाइन का एक तार रविवार को अचानक टूटकर मुल्तानसिंह पुत्र उत्तमसिंह के मकान की छत पर गिर गया। इस दौरान घर में कोई नहीं था। जिससे संभावित हादसा टल गया। ग्रामीणों ने डिस्कॉम कार्यालय में इसकी सूचना देकर गांव में विद्युत आपूर्ति बंद करवाई तथा मकान के ऊपर से टूटे तार को हटवाया। ग्रामीणों के अनुसार विद्युत तारों को ठीक करने के लिए कई बार पूर्व में भी सूचित किया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
नवमतदाताओं का सम्मान
जैसलमेर. भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में रविवार को महिला मोर्चा की ओर से नव मतदाता बालक बालिकाओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर महिला मोर्चा अध्यक्ष करुणा कंवर राठौड़ ने कहा कि नवमतदाताओ को मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने के साथ-साथ राष्ट्रीय विकास मे अपनी महत्वपूर्ण भूमिका अदा करने की जरूरत है। कार्यक्रम में नवमतदाताओं का तिलक लगाकर व दुपट्टा पहनाकर अभिनंदन किया गया। नवमतदाता सम्मान कार्यक्रम में जिला महामंत्री संगिता गोस्वामी जिला उपाध्यक्ष, समता व्यास, ईश्वरी भाटिया, पार्षद जिला मंत्री सुमित्रा मेघवाल, किरण कंवर, स्वाति जगाणी आदि उपस्थित थे।
104 में गूंजी किलकारी
नोख. गांव में संचालित 104 एम्बुलेंस में रविवार को किलकारी गूंजी तथा प्रसता ने बच्ची को जन्म दिया। एम्बुलेंस के पायलट भाखरसिंह भाटी ने बताया कि रविवार को दोपहर बीकानेर जिलांतर्गत दादू का गांव से आसूकंवर को अस्पताल लाया जा रहा था। इस दौरान रास्ते में उसे प्रसव पीड़ा होने लगी। जिस पर एम्बुलेंस को सडक़ किनारे खड़ा कर प्रसव करवाया गया। जिसमें प्रसूता ने बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के बाद महिला व बच्चे को अस्पताल में लाकर भर्ती करवाया गया।