जैसलमेर

नाचना क्षेत्र में ओलों की चादर बिछी, कई इलाकों में बेमौसम की बारिश से किसानों का नुकसान

सीमावर्ती जैसलमेर जिले में मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम के मिजाज पूरी तरह से परिवर्तित हो गए। शुक्रवार को सायंकाल नाचना क्षेत्र में करीब 20 मिनट तक तेज गति से ओलावृष्टि हुई, जिससे खेतों से लेकर सडक़ों तक पर ओलों की चादर बिछ गई। साथ ही तेज बारिश से पानी भर गया।
2 min read
Apr 03, 2026
Feature image

सीमावर्ती जैसलमेर जिले में मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम के मिजाज पूरी तरह से परिवर्तित हो गए। शुक्रवार को सायंकाल नाचना क्षेत्र में करीब 20 मिनट तक तेज गति से ओलावृष्टि हुई, जिससे खेतों से लेकर सडक़ों तक पर ओलों की चादर बिछ गई। साथ ही तेज बारिश से पानी भर गया। ऐसे ही पोकरण व मोहनगढ़ क्षेत्र में हल्की बारिश हुई। पीथोड़ाई गांव में सुबह के समय तेज गति की बरसात होने की सूचना है।

मौसम में एकदम से आए इस परिवर्तन और ओलों व बारिश के चलते किसानों की जीरा व इसबगोल जैसी फसलों को खासा नुकसान हुआ है। नाचना क्षेत्र में शुक्रवार सायं करीब 4 बजे मौसम में बदलाव आया और आसमान पूरी तरह से काले बादलों से ढंक गया। उसके बाद तूफानी हवाओं के साथ तेज गति की बरसात और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो गया। क्षेत्र के कबीरपुरा गांव में ओलावृष्टि, इसबगोल और जीरे की फसल को नुकसान पहुंंचा है।

किसानों का भारी नुकसान

जिले में बेमौसम की बारिश और ओलावृष्टि से किसानों को काफी नुकसान होने की सूचना है। संबंधित क्षेत्रों में जीरा और इसबगोल की फसल को नुकसान होने की आशंका है। जीरा की फसल में ओलों की मार से दाने झड़ गए। वहीं नमी और ओलों से इसबगोल की फसल को सर्वाधिक नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है कि फसल की कटाई होने वाली थी, जबकि कुछ किसानों ने फसल काटकर खेतों में रखी थी। अचानक आई बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। इससे पहले मौसम विभाग ने जैसलमेर जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। अब भी तेज आंधी और मेघगर्जना के साथ ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

शहर में मौसम हुआ सुहावना

एक तरफ गांवों में ओलावृष्टि और बारिश किसानों की फसलों पर आफत बनी है, दूसरी ओर जैसलमेर मुख्यालय पर मौसम में बदलाव के चलते लोगों के चेहरों पर गर्मी से छुटकारा मिलने की खुशी नजर आ रही है। शुक्रवार को दिन में 20 से 22 किलोमीटर की गति से चली शीतल बयार के चलते धूप बेअसर साबित हुई। मौसम विभाग के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 30.3 और न्यूनतम 16.2 डिग्री सै. रिकॉर्ड किया गया। यह एक दिन पहले गुरुवार को क्रमश: 34.8 व 21.8 डिग्री रहा था। इस तरह से अधिकतम पारे में 4.5 और न्यूनतम में 5.5 डिग्री की बड़ी गिरावट आ गई। गत गुरुवार की रात कई दिनों बाद हल्की सर्दी महसूस की गई। शुक्रवार को दिनभर आकाश में बादलों की आवाजाही का दौर चलता रहा।

Updated on:
03 Apr 2026 08:24 pm
Published on:
03 Apr 2026 08:24 pm