जैसलमेर

नशे के सौदागरों के घर में पुलिस की दबिश, 21.43 ग्राम एमडीएम और अन्य मादक पदार्थ बरामद

जैसलमेर की पुलिस लाइन कच्ची बस्ती में कोतवाली पुलिस ने गुरुवार सुबह नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो जनों को पकड़ा और उनके पास से मादक पदार्थ जब्त किए गए।
2 min read
Apr 09, 2026
Feature image

जैसलमेर की पुलिस लाइन कच्ची बस्ती में कोतवाली पुलिस ने गुरुवार सुबह नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो जनों को पकड़ा और उनके पास से मादक पदार्थ जब्त किए गए। शहर कोतवाल सुरजाराम जाखड़ के नेतृत्व में कोतवाली टीम ने अचानक दबिश दी, जिससे घर में बैठे पिता-पुत्र देरावरसिंह और भवानीसिंह निवासी खींवसर हाल पुलिस लाइन कच्ची बस्ती के होश फाख्ता हो गए।

पुलिस ने उनके पास से 21.43 ग्राम एमडीएमए और 199.36 ग्राम अन्य संदिग्ध पदार्थ बरामद किया। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया। जिसने प्रारंभिक तौर पर बताया कि संदिग्ध पदार्थ भी मादक पदार्थ ही है। मादक पदार्थ जब्त कर दोनों आरोपियों को पुलिस अपने साथ ले गई। इस संबंध में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुडि़यों में नशा भरकर शहर में करते थे आपूर्ति

कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुलिस लाइन कच्ची बस्ती में रहने वाले पिता-पुत्र नशीले पदार्थों के सौदागर हैं और शहर में जगह-जगह छोटी-छोटी पुडिय़ाओं में भर कर ड्रग्स सप्लाई करते हैं। सूचना की विश्वसनीयता को देखते हुए शहर कोतवाल सुरजाराम के नेतृत्व ने टीम ने आरोपियों के घर पर दबिश दी। वे जिस घर से यह काम कर रहे थे, वह उन्हीं का है। पुलिस अब उनसे पूछताछ के आधार पर आगे की कडिय़ां खंगालने के काम में जुट गई है। कोतवाल जाखड़ ने बताया कि गत दिनों के दौरान मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर शहर में नशीले पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ लगातार कार्रवाइयां की जा रही हैं।

पेड़ से फंदा लगा कर खुदकुशी की, सदर पुलिस जांच में जुटी

जैसलमेर जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर बरमसर गांव के पास तिराहे पर गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब लोगों ने एक व्यक्ति को पेड़ से लटकता हुआ देखा। सूचना दिए जाने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा गया। मृतक की पहचान इंद्राराम मेघवाल (52) निवासी चेलक के रूप में हुई है। मृतक के पास सुसाइड नोट नहीं मिला। जांच के लिए एफएसएल टीम ने आसपास के फुटप्रिंट और अन्य तकनीकी सबूत जमा किए। पुलिस ने मृतक का शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। उसका पोस्टमार्टम शुक्रवार को करवाया जाएगा। पुलिस मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों की पड़ताल कर रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद साफ हो पाएगी।

Updated on:
09 Apr 2026 08:42 pm
Published on:
09 Apr 2026 08:42 pm