केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह पहुंचे जैसलमेर
जैसलमेर. केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को दो दिवसीय यात्रा पर शुक्रवार शाम करीब सवा सात बजे जैसलमेर पहुंचे। वे विशेष विमान से एयरफोर्स स्टेशन उतरे, जहां केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी व सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक पंकज कुमार सिंह ने शाह का स्वागत किया। इस दौरान जिला प्रमुख प्रतापसिंह सोलंकी, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश शारदा, भाजयुमो राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आईदानसिंह भाटी सहित भाजपा नेताओं ने उनकी अगवानी कर स्वागत किया। इसके बाद वे सायं 6.55 बजे सडक़ मार्ग से बीएसएफ सेक्टर हेडक्वार्टर डाबला पहुुंंचे, जहां रात्रि विश्राम के लिए बीएसएफ ऑफिसर्स इंस्टीट्यूट डाबला में रुके। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की यात्रा के दौरान जैसलमेर एयरफोर्स से सीमा सुरक्षा बल के डाबला हेड क्वार्टर तक सडक़ मार्ग में किसी प्रकार के व्यक्तियों एवं पशुओं के प्रवेश को रोकने के लिए कड़े प्रबंध किए। केन्द्रीय मंत्री शाह शनिवार को बीएसएफ ऑफिसर्स इन्स्टीट्यूट डाबला से प्रात: 9 बजे तनोट मन्दिर के लिए हेलीकॉप्टर से प्रस्थान करेंगे। वे तनोट मन्दिर स्थल पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वे वहां से प्रात: 10.35 पर हेलीकॉप्टर से एयरफोर्स स्टेशन जैसलमेर पहुंचेंगे और यहां से सुबह 11.10 बजे जोधपुर एयरपोर्ट के लिए विशेष विमान से प्रस्थान करेंगे।
तनोट में पर्यटन विकास केन्द्र की आधारशिला रखेंगे शाह
सरहदी जिले की यात्रा पर आए केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को भारत-पाक सीमा से सटे चमत्कारिक माने जाने वाले तनोट माता मंदिर परिसर में बनने वाले पर्यटन विकास केन्द्र के लिए भूमि पूजन कर शिलान्यास करेंगे। जानकारी के अनुसार केन्द्रीय गृहमंत्री शाह जैसलमेर से हेलीकॉप्टर के जरिए शनिवार को सुबह करीब 9 बजे तनोट पहुंचेंगे। यहां वे तनोट माता मंदिर में विधि विधान से पूजा-अर्चना कर प्रसाद चढ़ाएंगे और विश्व कल्याण की कामना करेंगे। शाह तनोट मंदिर परिसर में स्थित विजय स्तम्भ पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को नमन करेंगे।