
जैसलमेर। राजस्थान के सरहदी जिले जैसलमेर और उसके आस पास के क्षेत्रों में गुरूवार को रुक रुक कर बारिश का दौर चल रहा है। हालांकि इससे मौसम सुहावना हो गया, लेकिन मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को भी कई इलाकों में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। पाकिस्तान से लगे दक्षिण पश्चिम राजस्थान और उसके नजदीकी इलाकों में बुधवार से चल रहीं धूल भरी आंधी स्थिति को चौपट किए हुए है।
अगर बात करें गुरूवार के मौसम की तो विभाग के मुताबिक पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 2-3 डिग्री ऊपर रह सकता है। बुधवार को राजस्थान का बाड़मेर देश में सर्वाधिक गर्म इलाका रहा। यहां का तापमान 38.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि राजस्थान का ही अलवर देश में सर्वाधिक ठंडा इलाका रहा और यहां का तापमान 11 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
बृहस्पतिवार को पूर्वोत्तर भारत के कुछ इलाकों में कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है। जबकि मेघालय, असम, नागालैंड, त्रिपुरा और मणिपुर में अगले तीन दिनों तक हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना बनी हुई है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों के लिए देश के ज्यादातर इलाकों में तापमान में बड़ा परिवर्तन होने की संभावना नहीं जताई है। लेकिन उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश हो सकती है।