
झालावाड़। राजस्थान के झालावाड़ जिले में महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद में बीच-बचाव करने पहुंची बड़ी साली हसीना बी पर आरोपी ने कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इससे गंभीर घायल हसीना की अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही मौत हो गई। यह मामला पिड़ावा के दलेलपुरा मोहल्ले का है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है और प्रकरण दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना अधिकारी रामपाल यादव ने बताया कि पिड़ावा के दलेलपुरा मोहल्ले में गफूर उर्फ बबलू कारू बड़ी साली हसीना बी के घर में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ किराए पर रहता था। शुक्रवार देर रात करीब डेढ़ बजे गफूर और उसकी पत्नी के बीच किसी घरेलू बात को लेकर झगड़ा हो गया। जब गफूर अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था, तब हसीना बी बीच-बचाव करने पहुंची।
इस दौरान गफूर ने हसीना बी पर कुल्हाड़ी से सिर, मुंह सहित शरीर पर कई जगह वार कर दिया। इस हमले के बाद आधी रात घर में चीख पुकार मच गई। शोरगुल सुनकर घरवाले और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लेकिन, तब तक आरोपी मौके से भाग चुका था। गंभीर घायल हसीना बी को परिवारजन और मोहल्ले वाले तत्काल पिड़ावा उपजिला चिकित्सालय ले गए, जहां से उसे झालावाड़ रैफर कर दिया।
इसके बाद झालावाड़ से कोटा और फिर कोटा से जयपुर रैफर किया। उपचार के लिए जयपुर ले जाते समय महिला ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। महिला को जयपुर के अस्पताल में लाया गया, जहां पर शनिवार को डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की बेटी जेबा की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो रहा था। तभी छोटी बहन को बचाने के लिए बड़ी बहन पहुंच गई। तभी गुस्साए जीजा ने अपनी बड़ी साली पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर दिया। इस हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गया। महिला की जयपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने आरोपी गफूर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।