
अविनाश केवलिया/जोधपुर. चुनावी साल में विकास कार्य और जनता की मांग अनुरूप कई स्वीकृतियां देने का काम जारी है। कुछ बड़े प्रोजेक्ट के साथ कुछ छोटे-बड़े कामों को आगामी दो माह में धरातल पर शुरू करने का टास्क दिया गया है। सरकार के निर्देशों के बाद जेडीए आयुक्त ने भी सभी अभियंताओं को दो माह तक अवकाश नहीं लेने और वर्क ऑर्डर के बाद काम जल्द से जल्द शुरू करने की हिदायत दी है। इस समय कई कामों के कार्यादेश हो चुके हैं तो कइयों के टेंडर होना बाकी है। कुल मिलाकर करीब 120 करोड़ रुपए के कार्य चुनाव आचार संहिता से पहले धरातल पर नजर आएंगे। ताकि चुनावी रैलियों में इन कामों को गिनाया जाना।
ऐसे होंगे 120 करोड़ रुपए के कार्य
- कौटिल्स कौशल विकास, नीति एवं योग केन्द्र करीब 3 करोड़ रुपए में बनना शुरू हुआ है।
- करीब 20 करोड़ रुपए के सडक़ मरम्मत और सीवरेज कार्यों के टैंडर लग चुके हैं। यह काम जल्द शुरू होंगे।
- 71 करोड़ की लागत से रेलवे फाटक का काम जल्द होना है शुरू।
- 15 करोड़ के अन्य सडक़ व सीवरेज कार्य के टैंडर लगने हैं।
- 10 करोड़ के अन्य विकास कार्यों के टैंडर लगेंगे।
ओवरब्रिज भी आएगा धरातल पर
पिछले छह माह से कागजों में घूम रहा आरटीओ फाटक ओवरब्रिज भी चंद दिनों में धरातल पर आएगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शहर का पहला एच आकार का यह ओवरब्रिज करीब 71 करोड़ की लागत से रेलवे फाटक सी-168 पर बनेगा। इससे पहले इसी साल दो ओवरब्रिज सारण नगर और रिक्तियां भैरूजी स्थित मल्टीलेवल फ्लाइओवर ब्रिज का लोकार्पण जेडीए करवा चुका है, जो भी चुनावी मुद्दे के रूप में भुनाया जा सकेगा।
वर्क ऑर्डर होते ही करना होगा काम शुरू
जेडीए में सभी टैंडर वाले काम हाथों-हाथ शुरू करने के लिए सख्त हिदायतें दी गई है। जेडीसी ने विशेष रूप से सभी अभियंताओं को वर्क ऑर्डर जारी होने के दो या तीन दिन में ही काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं। अमूमन इस प्रक्रिया में 15 से 20 दिन का समय लग जाता है।
इनका कहना...
विकास कार्यों में हमारी प्राथमिकता अब फीता काटना या शिलान्यास करना नहीं, बल्कि काम शुरू करना है। इससे लोगों को फायदा मिलेगा।
- डॉ. महेन्द्र राठौड़, अध्यक्ष, जोधपुर विकास प्राधिकरण।