जोधपुर

Jodhpur Fire: जोधपुर के निजी अस्पताल में लगी आग, समय रहते मरीजों को सुरक्षित निकाला गया

Jodhpur hospital fire: पावटा स्थित निजी अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर बुधवार देर शाम आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया।
2 min read
Jun 10, 2026
Jodhpur hospital fire
निजी अस्पताल में लगी आग। फोटो- पत्रिका

जोधपुर। शहर के पावटा क्षेत्र स्थित सोना मेडीहब अस्पताल में बुधवार देर शाम अचानक लगी आग से अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल की तीसरी मंजिल से शुरू हुई आग देखते ही देखते चौथी मंजिल तक फैल गई। आग की लपटें उठते ही अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और स्टाफ में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया। गनीमत रही कि समय रहते सभी मरीजों को बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

यह वीडियो भी देखें

लोगों की भीड़ जमा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर शाम करीब साढ़े सात बजे तीसरी मंजिल से धुआं और आग की लपटें निकलती दिखाई दीं। कुछ ही देर में पूरा क्षेत्र धुएं से भर गया। अस्पताल में मौजूद परिजनों और आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मरीजों को स्ट्रेचर व व्हीलचेयर की मदद से बाहर निकाला। अचानक हुई इस घटना से मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ जैसे हालात बन गए। आग की लपटें और धुआं दूर तक दिखाई देने से आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई।

7 दमकलें मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही नागौरी गेट फायर स्टेशन से चार, मंडोर से एक और शास्त्रीनगर से दो दमकलें मौके पर पहुंचीं। करीब एक दर्जन दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी आग पर काबू पाने में जुट गए। दमकलकर्मियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित किया। घटना की सूचना पर जोधपुर के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पूर्व) वीरेन्द्रसिंह राठौड़, महामंदिर थानाधिकारी देवेन्द्रसिंह देवड़ा, नागौरी गेट थानाधिकारी शैफाली सांखला सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।

यातायात पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य में बाधा न आए, इसके लिए आसपास का यातायात भी डायवर्ट कराया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अस्पताल की ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा था, जहां शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग भड़क गई। फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

पहले होटल में लगी थी आग

गौरतलब है कि बीते दिनों जोधपुर के रातानाडा इलाके में पांच बत्ती चौराहे के पास स्थित होटल सोनल पैलेस की पहली मंजिल पर भीषण आग लग गई थी। इस घटना ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया था, जिससे होटल में ठहरे पर्यटकों और स्टॉफ के बीच अफरा-तफरी मच गई थी। गनीमत रही कि समय रहते किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन की वजह से 6 जिंदगियां सुरक्षित बचा ली गईं।

Updated on:
10 Jun 2026 09:50 pm
Published on:
10 Jun 2026 08:08 pm