- तृणमूल कांग्रेस समर्थकों पर लगा आरोप
कोलकाता. दक्षिण कोलकाता में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष और शुभेन्दु अधिकारी के रोड शो पर पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस के झंडे लिए कुछ लोगों ने गो बैक के नारे भी लगाए। जिसके बाद भड़के भाजपा समर्थक पथराव कर रहे लोगों से भिड़ गए। पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने में मशक्कत करनी पड़ी।
इससे पहले भाजपाका रोड शो टॉलीगंज ट्राम डिपो से शुरू हुआ और ममता बनर्जी के गृह क्षेत्र के रासबिहारी एवेन्यू तक जाना था। दिलीप घोष और शुभेन्दु अधिकारी रोड शो का नेतृत्व कर रहे थे। जिसमें केन्द्रीय मंत्री देवश्री चौधरी और पार्टी के अन्य नेता शामिल थे। शो के मुदियाली से चारु मार्केट की ओर आगे बढ़ते ही छतों से भाजपा कार्यकर्ताओं पर ईट-पत्थर और बोतल फेंकी गई। इसमें भाजपा के कुछ कार्यकर्ता घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पत्थरबाजी करने वाले भाग गए। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने वहां खड़ी मोटरसाइकिल और इलाके की दुकानों में तोडफ़ोड़ की। घटना की खबर पाते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। इस बीच राज्य के मंत्री अरूप विश्वास भी घटना स्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
रोड शो पर हमले की निंदा करते हुए भाजपा नेता शुभेन्दु अधिकारी ने कहा कि पुलिस से अनुमति लेने का बाद रोड शो पर ईंट-पत्थर और बोतल से हमले किए गए। कार्यकर्ताओं ने हमलावरों के घर में घुसकर मजा चखाया है। देश में कहीं भी विरोधी दल की रैली पर पुलिस के सामने पथराव नहीं होता। बंगाल में जंगल राज कायम हो गया है। पुलिसकर्मियों को दल का दास बना कर उनका पार्टी कार्यकर्तांओं की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।
तृणमूल कांग्रेस भाजपा को रोकने के लिए हिंसा का सहारा ले रही है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया हमला- अरुप विश्वास
भाजपा के रोड शो पर हुए हमले के लिए तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा को ही जिम्मेदार ठहराया है। घटना स्थल पर पहुंचे पार्टी के नेता और राज्य के मंत्री अरूप विश्वास ने कहा कि पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमला किया। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता बैनर-पोस्टर लगा रहे थे। उसी समय भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला कर दिया और ममता बनर्जी की तस्वीर वाले बैनर और पोस्टर भी फाड़ दिए।