कोटा

सावधान! लीकेज पाइप लाइन से बहते पानी में नहाना है बेहद खतरनाक, कोटा में हो गई मासूम की मौत

जलदाय विभाग की लीकेज पाइप लाइन से बह रहे पानी में नहा रहा बच्चा अचानक आए प्रेशर से बहकर पाइप में फंस गया। दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
2 min read
• •
May 19, 2018
child Death
सावधान! लीकेज पाइप लाइन से बहते पानी में नहाना है बेहद खतरनाक, कोटा में हो गई मासूम की मौत

कोटा . अनंतपुरा थाना क्षेत्र में जलदाय विभाग की लीकेज पाइप लाइन शुक्रवार को एक बच्चे की मौत का सबब बन गई। बच्चा इस लीकेज से निकल रहे पानी में नहाते समय प्रेशर से बह गया और पुलिया के नीचे पाइप में जा फंसा। दम घुटने से उसकी मौत हो गई। घटना से क्षेत्र के लोग व परिजन सकते में आ गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

Big News: बिक रहा कोटा दशहरा मैदान, सबसे ज्यादा बोली लगाने वाले का होगा ऐतिहासिक मैदान

हैड कांस्टेबल रामसिंह ने बताया कि झालावाड़ रोड पर तलाव गांव के पास जलदाय विभाग की बड़ी पाइप लाइन नाले से होकर पुलिया के नीचे से गुजर रही है। पाइप लाइन के जोड़ पर कई दिन से लीकेज होने से अक्सर उस क्षेत्र के बच्चे उसमें नहाते हैं। शुक्रवार को भी तलाव गांव निवासी निखिल सुमन (11) पुत्र कैलाश उसी पाइप लाइन के लीकेज में नहाने गया था। अचानक पानी का प्रेशर बढ़ गया। इससे वह पानी में बहकर पुलिया के नीचे नाले व सीमेंट के पाइप के बीच में फंस गया।

काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसे तलाशते वहां आए। वहां उसके बहने की सूचना पर आस-पास के लोग व अनंतपुरा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जलदाय विभाग से कहकर पानी का प्रेशर कम करवाया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को बाहर निकाला। उसे नए अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इतना था जलदबाव
अनंतपुरा में जिस पाइप लाइन में बालक की मौत हुई, वह पाइप लाइन 800 एमएम की थी। पाइप लाइन में एक घन सेमी पर 4 से 5 किलो का दबाव था। यह दबाव इतना होता है कि लीकेज हो जाए तो 20 से 25 फीट ऊंचाई तक धार पहुंच सकती है। विभाग के अधिशासी अभियंता नरेन्द्र मोहन गुप्ता ने बताया कि लाइन नाले के नीचे से गुजर रही है। यह पैक थी, लेकिन संभवतया पाइप के जॉइंट पर रिंग को कुरेदने के कारण टूट गई। इसी दबाव से संभवतया बच्चा बह गया।

Published on:
19 May 2018 10:39 am