
कोटा . शहर में बिना हेलमेट व तीन सवारी वाहन चालकों को रोकना ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को भारी पड़ रहा है। दो दिन पहले कांस्टेबल से हुई मारपीट के बाद शुक्रवार को एक ट्रैफिक हैड कांस्टेबल के साथ बाइक सवार पिता-पुत्र ने अभद्रता की। पुलिस ने दोनों को शांतिभंग में गिरफ्तार किया, जिन्हें जमानत पर छोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि डीसीएम चौराहे पर तैनात टै्रफिक हैड कांस्टेबल गिरीराज कुमार ने बिना हेलमेट पहने जा रहे बाइक सवार दो जनों को रोका तो वे उनसे उलझ गए।
समझाने के बाद भी वे नहीं माने और रौब दिखाने लगे। बात बढ़ने पर बाइक सवार दोनों जनों ने हैड कांस्टेबल से धक्का-मुक्की कर दी। इससे उनकी कमीज का बटन टूट गया। इससे वहां हंगामा हो गया। सूचना मिलते ही उद्योग नगर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को पकड़कर थाने ले गई।
Breaking News: राजस्थान के पूर्व सीएम का बड़ा बयान: पर्दे के पीछे से देश पर हुकूमत कर रही आरएसएस
शांतिभंग में पकड़ा
इधर, उद्योग नगर थाने के उप निरीक्षक सुरेशकुमार पोटलिया ने बताया कि ट्रैफिक हैड कांस्टेबल गिरीराज ने रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि वे डीसीएम चौराहे पर ड्यूटी कर रहे थे। तभी कैथून की तरफ से एक बाइक पर दो जने आए। बाइक चालक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। जब उन्हें रोका तो वे हंगामा करने लगे। इस पर कैथून निवासी ओमप्रकाश वैष्णव व उसके पुत्र पुरुषोत्तम वैष्णव को शांतिभंग में गिरफ्तार किया था, जिन्हें एडीएम सिटी अदालत में पेश करने पर जमानत पर रिहा कर दिया।
Read More: सावधान कोटावासियों! बाजार में गाड़ी खड़ी करने से पहले पढ़ लीजिए यह खबर, नहीं तो चंद मिनटों में हो जाएगी गायब
इससे पहले बुधवार को नाग-नागिन मंदिर के पास रॉन्ग साइड से बिना हेलमेट तीन सवारी आने पर ट्रैफिक सिपाही कमल किशोर ने टोका तो बाइक सवार बड़गांव निवासी गुरजीत सिंह ने सिपाही से मारपीट कर दी। इससे सिपाही की आंख के पास चोट लगी थी। पुलिस ने युवक को राजकार्य में बाधा के मामले में गिरफ्तार किया था। इससे पहले भी इसी तरह के कई मामले हो चुके हैं।