कोटा

KDA ने दे दी खुशखबरी, विकसित होगा स्मृति वन, 2.5 लाख लोगों को मिलेगा फायदा

Good News: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्देश के बाद केडीए के अधिकारियों के स्मृति वन के विकास के लिए कंसलटेंट की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
2 min read
Jul 21, 2025
Feature image
स्मृति वन (फोटो: पत्रिका)

Development In Kota: कोटा शहर के देवली अरब क्षेत्र स्थित वन विभाग के स्मृति वन को कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) की ओर से विकसित कर यहां उद्यान बनाया जाएगा। इसके तहत यहां लोगों की सुबह व शाम की सैर के लिए फुटपाथ विकसित कर आकर्षक पौधारोपण किया जाएगा।

देवली अरब क्षेत्र में वन विभाग की भूमि पर उद्यान बनाने की योजना वर्ष 2015 में शुरू हुई। इसके बाद इस उद्यान को विकसित करने के लिए वन विभाग ने वर्ष 2016 में यूआईटी के साथ एमओयू किया। इसके बाद 13.55 करोड़ रुपए की लागत से उद्यान की चारदीवारी कर कृत्रिम पहाड़, कमल सरोवर, पाथ-वे, योग केन्द्र, वाटर चैनल, बांस समेत जंगली पेड़ों और औषधिय पौधे लगा कर ट्रैक बनाने का काम शुरू किया गया, लेकिन 9 वर्ष बाद भी अब तक इसका काम पूरा नहीं हो सका है। ऐसे में उद्यान होने के बावजूद आसपास के लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। इस पर स्मृति वन में दो बार आग लगाने से बड़ी संख्या में पेड़-पौधे भी जलकर नष्ट हो गए।

स्पीकर ने दिए थे निर्देश

बिरला ने अतिवृष्टि के बाद देवली अरब क्षेत्र के साथ यहां का निरीक्षण भी किया था। बिरला ने केडीए के अधिकारियों को इसे विकसित करने के निर्देश दिए थे। इस दौरान उन्होंने लोगों के सुबह व शाम घूमने के लिए पाथ-वे का निर्माण करने, आकर्षक पौधे लगाने समेत लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए थे।

फैक्ट फाइल

25.38 हैक्टेयर में फैला स्मृति वन

2015 में अस्तित्व में आया

2016 में शुरू हुआ निर्माण कार्य

13.55 करोड़ रुपए से प्रारंभिक निर्माण कार्य

केडीए ने शुरू की प्रक्रिया

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के निर्देश के बाद केडीए के अधिकारियों के स्मृति वन के विकास के लिए कंसलटेंट की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कंसलटेंट की ओर से स्मृति वन के विकास का खाका तैयार किया जाएगा। इस आधार पर स्मृति वन में आवश्यक कार्य करवाए जाएंगे।

पूरे इलाके में यह एकमात्र उद्यान

देवली अरब स्मृति के आसपास करीब सौ से अधिक कॉलोनियां और मल्टी स्टोरी बिल्डिंग्स है। इस पूरे इलाके में यह एकमात्र उद्यान है। ऐसे में इसका निर्माण होने से आसपास के लोगों को सुविधा मिल सकेगी।

स्मृति वन के विकास के लिए कंसलटेंट को नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कंसलटेंट स्मृति वन के विकास का खाका तैयार करेगा। इस आधार पर स्मृति वन का विकास किया जाएगा।

कुशल कुमार कोठारी, सचिव, केडीए

Updated on:
21 Jul 2025 02:25 pm
Published on:
21 Jul 2025 02:25 pm