
कोटा। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने शनिवार को रामगंज मंडी का दौरा किया। उन्होंने क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत की। साथ ही उन्होंने स्टोन स्मॉल स्केल एसोसिएशन की तरफ से एक महिला को 6 लाख रुपए का चेक सौंपा। दरअसल, कोरोना काल में एक ही परिवार के 6 सदस्यों के निधन हो गया था। इस दौरान बैंक का हॉम लोन होने से घर नीलाम होने की कगार पर आ गया।
मोड़क स्टेशन निवासी पीड़ित अनिता वैष्णव ने कहा कि कोरोना काल 2020 में मेरे पति सुनील वैष्णव, ससुर गुलाब चंद वैष्णव, सास दयावती, दादी प्रभु बाई,देवरानी मंजु वैष्णव और चाचा ससुर देवचंद वैष्णव का एक के बाद एक निधन हो गया। जिससे पुरा परिवार बिखर गया। पति ने मकान पर 10 लाख 20 हजार का लॉन लिया हुआ था।
उन्होंने लोन के समय बीमा नहीं करवाया। जिसके कारण बैंक वाले नोटिस पर नोटिस देकर लोन चुकाने का दबाव डाल रहे थे। मैंने शिक्षा मंत्री जब पिछले सत्र में विधायक थे। तब से अवगत करवाया था। उन्होंने अधिकारियों से बात कर राहत दिलाई थी। लेकिन लोन इतना ज्यादा होने से नहीं चुका पाए। ऐसे में शिक्षा मंत्री दिलावर ने 6 लाख का चेक दिया और बैंक लोन चुकाने को कहा।