
कापरेन. शहर सहित क्षेत्र में बहनों ने शुभ मुहूर्त में भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनकी खुशहाली और दीर्घायु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को हर सुख-दुख में साथ निभाने और उनकी रक्षा का भरोसा दिलाया।रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं ने श्रवण पूजन किया तथा भगवान को रक्षासूत्र बांधकर सुख-समृद्धि की कामना की। विभिन्न मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने रक्षासूत्र चढ़ाए और भगवान को पकवानों का भोग लगाया। मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।रक्षाबंधन पर्व को लेकर बच्चों में भी विशेष उत्साह नजर आया। नन्हे बालकों ने एक-दूसरे को रक्षासूत्र बांधकर आपसी प्रेम, स्नेह और भाईचारे का संदेश दिया। घर-घर में मिठाइयां बांटी गईं और परिवार के सदस्यों ने मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं।पर्व के चलते मुख्य मार्गों पर दिनभर आवागमन बना रहा। मेगा हाइवे पर सुबह से ही वाहनों की आवाजाही लगी रही। बाजारों में भी रक्षाबंधन को लेकर चहल-पहल नजर आई।