कोटा

Rajasthan Weather : पश्चिमी विक्षोभ के असर से छाएंगे बादल, शीतलहर से मिलेगी राहत

उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों में 18 से 20 दिसंबर के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है

less than 1 minute read
Dec 11, 2025
Kota Weather

प्रदेश के अधिकांश भागों में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव के चलते अगले 2-3 दिन प्रदेश के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं।

इसके कारण न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की हल्की बढ़ोतरी संभव है। विभाग का कहना है कि राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहेगा और शीतलहर से फिलहाल राहत जारी रहेगी।

मौसम विशेषज्ञों ने संकेत दिए हैं कि उत्तर-पश्चिमी भारत के कुछ हिस्सों में 18 से 20 दिसंबर के बीच एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिसका प्रभाव राजस्थान पर भी देखने को मिल सकता है।

सुबह-शाम कोहरा व गलन बनी

कोटा शहर में इन दिनों मौसम में लगातार बदलाव महसूस किया जा रहा है। सुबह-शाम शीतलहर, कोहरे के कारण गलन का असर बढ़ता जा रहा है, जिससे सर्दी बढ़ गई है। सुबह के समय लोग धूप सेंकते नजर आ रहे हैं। हालात यह हैं कि सुबह शाम के समय ठिठुरन बढ़ गई है।

लोग गर्म कपड़ों में लदे नजर आ रहे हैं। रात में लोग घरों व दुकानों के बाहर अलाव जलाकर सर्दी से बचने का प्रयास करते नजर आए। कोटा शहर का अधिकतम तापमान 27.7 व न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा की रफ्तार 3 किमी प्रति घंटे की रही।

Also Read
View All

अगली खबर