कोटा

पानी की जगह पी रहें ‘खून’ का घूँट…

थेगड़ा बस्ती का मामला
less than 1 minute read
Mar 27, 2019
kota news
पानी की जगह पी रहें 'खून' का घूँट...

कोटा. शिवपुराधाम स्थित थेगड़ा बस्ती के बाशिंदे 8 साल से घरों के नलों में पानी आने का इंतजार कर रहे हैं। मजबूरन उन्हें बोरिंग के पानी से प्यास बुझानी पड़ रही है। थेगड़ा विकास समिति अध्यक्ष रूपनारायण यादव ने बताया कि पहले जलदाय विभाग द्वारा सूरसागर बस्ती की पाइप लाइन से थेगड़ा बस्ती में पानी की सप्लाई की जा रही थी।

लेकिन, आठ साल पहले शिवपुरी धाम के पास नहर की पुलिया से पाइप चोरी हो गई, तब से ही यहां सप्लाई बंद कर दी गई। जलदाय विभाग के अधिकारियों से सप्लाई शुरू करवाने का आग्रह किया तो उन्होंने थेगड़ा में कभी पाइप लाइन नहीं डली होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया। चोरी हुए पाइप की जगह न तो नया पाइप लगाया और न ही सप्लाई शुरू की गई। ऐसे में लोगों को बोरिंग के खारे पानी से ही प्यास बुझानी पड़ रही है।

यादव ने बताया कि यहां जब पाइप लाइन डाली गई थी तब यह बस्ती जलदाय विभाग के नगर खण्ड प्रथम जेके चौकी के अधीन थी। अब यह बस्ती विभाग के नगर खण्ड द्वितीय के अधीन है। विकास समिति की ओर से जिला प्रशासन को पत्र लिखकर पाइप लाइन चालू करवाने की मांग की है।इधर, इस मामले में सहायक अभियंता प्रवीन चौहान ने बताया कि क्षेत्र जलदाय विभाग के सिस्टम से फिलहाल जुड़ा हुआ नहीं है, जो क्षेत्र सिस्टम से जुड़े हैं, वहां जलापूर्ति की जा रही है।

Updated on:
27 Mar 2019 11:59 am
Published on:
27 Mar 2019 11:59 am