लखनऊ

बुलंदशहर हिंसाः अखिलेश ने घेरा यूपी सरकार को, शिवपाल ने भी किया यह ऐलान

बुलंदशहर हिंसा मामले ने राजनीतिक रूप ले लिया है। यूपी में कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं।

2 min read
Dec 04, 2018
Shivpal Yogi

लखनऊ. बुलंदशहर हिंसा मामले ने राजनीतिक रूप ले लिया है। यूपी में कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। पूछा जा रहा है कि आखिर जब पुलिस कर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता का क्या होगा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले में यूपी सरकार पर जोरदार हमला किया है। वहीं प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के संयोजक शिवपाल यादव ने भी इस मामले पर बड़ा बयान दिया है। आपको बता दें कि गोकशी के कारण सोमवार को बुलंदशहर में भड़की हिंसा के दौरन मौके पर ड्यूटी के दौरान इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या कर दी गई थी। यही नहीं गुस्साई भीड़ ने वाहनों में तोड़-फोड़ कर आगजनी की और पुलिस चौकी को भी फूंक दिया गया। इसमें कई पुलिस कर्मी भी घायल हुए।

शिवपाल ने कहा यह-

शिवपाल सिंह यादव ने ट्वीट करते हुए कहा कि गोवंश के अवशेष मिलने की अफवाह के बाद बुलंदशहर में पुलिस व ग्रामीणों के मध्य हुए हिंसक झड़प में कोतवाल सुबोध कुमार सिंह की मृत्यु की सूचना दुःखद है। आज प्रदेश में एक ओर सड़कों पर गोवंश मर रहें हैं, तो दूसरी ओर गोवंश के नाम पर आपसी ताने बाने को बिगाड़ने की कोशिश भी हो रही है। शिवपाल ने मंगलवार को इस मामले को लेकर कार्यकर्ता समेत काली पट्टी बांध काला दिवस मनाने का ऐलान भी किया।

अखिलेश ने जताया शोक-

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुलंदशहर की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुये स्याना थाने के मृतक इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि बुलंदशहर में पुलिस व ग्रामीणों के संघर्ष में स्याना कोतवाल सुबोध कुमार सिंह की मौत का समाचार बेहद दुखद है। यूपी भाजपा के शासनकाल में हिंसा और अराजकता के दुर्भाग्यपूर्ण दौर से गुज़र रहा है।

थाने भी सुरक्षित नहीं-

उन्होंने कहा कि यूपी की भाजपा के शासन में थाने भी सुरक्षित नहीं रह गये हैं। पुलिस इंस्पेक्टर की हत्या इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में पूरी तरह से जंगलराज आ गया है। लूट, हत्या, बलात्कार की घटनाओं से लोग डरे हुए है। प्रदेश सरकार का कानून व्यवस्था पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है। उन्होंने आगे कहा कि यूपी में जब से भाजपा सत्ता में आयी है, पुलिस व्यवस्था भी बदहाल हो गयी है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नफरत की राजनीति फैला रही है। जिसके कारण प्रदेश का सौहार्द एवं सामाजिक सद्भाव बिगड़ रहा है।

Published on:
04 Dec 2018 04:17 pm
Also Read
View All