
लखनऊ. समाजवादी पार्टी ने आखिरकार आज पहली बार भाजपा पीलीभीत से सांसद मेनका गांधी व सुल्तानपुर से सांसद वरुण गांधी पर जमकर निशाना साधा। चुनावी सीजन में नेता लगातार एक-दूसरे पर जोरदार हमला कर रहे हैं। मां-बेटे मेनका गांधी व वरुण गांधी भी विपक्ष पर इन दिनों खूब शब्दबाण चला रहे हैं। वहीं अखिलेश यादव ने भी जवाबी हमला किया है और पूछा है कि क्या स्कूल की अदला-बदली से फ़ेल हुए लोग पास हो जाते हैं? गौरतलब है कि मेनका गांधी व वरुण गांधी की सीटों की भाजपा ने इस आम चुनाव में अदला-बदली की है। मेनका गांधी को उनके बेटे के संसदीय क्षेत्र सुल्तानपुर से चुनावी मैदान में उतारा गया है। तो वहीं वरुण को मेनका गांधी की संसदीय सीट पीलीभीत से टिकट दिया गया है।
अखिलेश ने कहा यह-
अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिय ट्विटर अकाउंट पर लिखा है कि ‘विकास’ पूछ रहा है: अरे भई कभी सुना है कि स्कूल की अदला-बदली से फ़ेल हुए लोग पास हो जाते हैं? भाजपा पीलीभीत और सुल्तानपुर के प्रत्याशियों की अदला-बदली से ये नामुमकिन को मुमकिन करना चाहती है, लेकिन इस बार दोनों जगह की जनता हेड मास्टर बनके इनको स्कूल से बाहर करने के लिए तैयार बैठी है।