
लखनऊ. बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कल ही पार्टी में शामिल हुईं पूनम सिन्हा के लखनऊ से लोकसभा चुनाव लड़ने की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने कहा लखनऊ से सिन्हा को चुनाव लड़ाने का फैसला पार्टी का है और लखनऊ में विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ा जाएगा। बुधवार को कन्नौज में जनसभा को संबोधित करने के बाद अखिलेश यादव लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पहुंचे जहां उनके साथ कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा व डिंपल यादव मौजूद थीं।
अखिलेश ने की यह अपील-
उन्होंने कहा कि कई लोगों से राय लेकर लोकसभा चुनाव के लिए लखनऊ से पूनम सिन्हा का नाम फाइनल किया गया है। भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि देश में कई मुद्दे हैं, उनसे ध्यान हटाने की कोशिश की जा रही है। भाजपा के पास ध्यान भटकाने की ताकत है। उन्होंने आगे कहा कि लखनऊ का चुनाव यहां के विकास पर, सपा और बसपा सरकार में हुए काम को लेकर लड़ा जाएगा। मेरी अपील है कि सपा-बसपा के प्रत्याशी को जिताएं और देखें कि कैसे विकास का काम होता है। अखिलेश ने कहा कि यूपी में हुए पहले चरण के मतदान में सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के पक्ष में वोटों को बारिश हुई है।
महिला प्रत्याशी के सवाल पर कहा यह-
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा का लखनऊ में प्रचार होगा, साइकिल के लिए होगा प्रचार। गठबंधन की अपनी खूबसूरती है। और हमारा ही फॉर्मूला दूसरे लोग चोरी कर रह हैं। लखनऊ में महिला कैंडिडेट के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह पार्टी का फैसला है। और अगर याद हो तो लखनऊ में सबसे पहली सांसद महिला थीं। इस बार समाजवादियों ने यहीं काम कर के दिखाया है। सपा ने सभी प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सपा-बसपा रालोद ने साथ कहा है कि भाजपा को रोकने के लिए यह गठबंधन सक्षम है।
महिला सुरक्षा को लेकर दिया बयान-
वहीं उन्होंने कहा कि जितना सम्मान सपा ने महिलाओं का किया है वह किसी भी दल से कम नहीं है। अखिलेश ने कहा कि मैं भाजपा को याद दिलाना चाहता हूं कि पुलिस के ट्क्नोलॉजी सिस्टम को सपा ने अच्छा किया है। महिला सुरक्षा को लेकर सपा ने हमेशा काम किया है। भाजपा बताए कि देश के जितने भी आईपीएस अफसर हैं, क्या उनको डायल 100 दिखाया भी गया है। क्या उसकी तारीफ की है की नहीं। 1090 ने बेटियों की मदद की है।