समाजवादी पार्टी व भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका देते हुए कई दिग्गज नेताओं ने शुक्रवार को इस पार्टी में शामिल हो गए।
लखनऊ. समाजवादी पार्टी व भारतीय जनता पार्टी को तगड़ा झटका देते हुए कई दिग्गज नेताओं ने शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। कुनबा बढ़ाओ अभियान के तहत शुक्रवार को लखनऊ के कांग्रेस कार्यालय में राष्ट्रीय सचिव व प्रभारी जुबैर हसन ने पूर्वांचल के कद्दावर नेता व आजमगढ़ से भाजपा के पूर्व सांसद रमाकांत यादव को अपनी पार्टी की सदस्यता दिलाई। रमाकांत ने अपने सैकड़ों समर्थकों संग कांग्रेस की दामन थाम लिया। वहीं अखिलेश यादव की सरकार में मंत्री रहे राजकिशोर सिंह ने भी कई समर्थकों के साथ कांग्रेस जाने का एलान किया है। राष्ट्रीय सचिव व प्रभारी जुबैर हसन ने यहा कहा कि पूर्वांचल में कांग्रेस को ताकत मिलेगी।
भाजपा ने नहीं दिया था टिकट-
आजमगढ़ के पूर्व भाजपा सांसद रमाकांत यादव ने 2014 में मुलायम सिंह यादव के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ा था। लेकिन मोदी लहर में भी वो सपा संरक्षक को नहीं हरा सक थे। वहीं इस बार भाजपा ने उनको टिकट नहीं दिया है, जिससे नाराज होकर वे कांग्रेस में चले गए हैं। गौरतलब है कि इस बर आजमगढ़ से सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनावी मौदान में है और कांग्रेस पहले ही सपा के लिए कुछ सीटें छोड़ने का ऐलान कर चुकी है। बताया जा रहा है कि आजमगढ़ की सीट भी इसमें शामिल हैं। ऐसे में रमाकांत को कांग्रेस किस सीट से चुनाव लड़वाएगी यह देखना दिलचस्प होगा। वहीं भाजपा ने अखिलेश के खिलाफ भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव को टिकट दिया है।
बस्ती से चुनाव लड़ सकते हैं राजकिशोर-
वहीं दूसरी तरफ सपा सरकार में मंत्री रहे राज किशोर सिंह ने अपने भाई डिंपल के साथ कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है। सूत्रों की मानें तो राजकिशोर बस्ती से चुनाव लड़ना चाहते हैं।