- यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी दलों की सक्रियता बढ़ गई है। भाजपा ने भी अपने कील कांटें दुरुस्त कर लिए हैं। भाजपा प्रदेश में अपने सदस्यों की संख्या बढ़ने के लिए अभियान चला रही है। लखनऊ में शक्तिकेन्द्र प्रमुखों की रैली में 29 अक्टूबर से यूपी में सदस्यता अभियान शुरू किया गया था।
लखनऊ. भारतीय जनता पार्टी सदस्यता अभियान के लक्ष्य को पूरा करने के लिए 12 और 13 दिसंबर को यूपी के सभी बूथों में विशेष सदस्यता अभियान चलाएगी। गुरुवार को सभी क्षेत्रों में नई सदस्यता का कुल आंकड़ा 53,40,345 हो गया है। इस प्रकार उत्तर प्रदेश में भाजपा की कुल सदस्यता 3 करोड़ के पार पहुंच गई है।
29 अक्टूबर से शुरू हुआ यूपी में सदस्यता अभियान
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने 29 अक्टूबर को लखनऊ में शक्तिकेन्द्र प्रमुखों की रैली में यूपी में सदस्यता अभियान शुरू किया था। पहले दिन रैली में ही भाजपा ने 17 हजार से ज्यादा सदस्य बनाये थे। 40 दिन से चल रहे अभियान में कुल 53,40,345 नए सदस्य बना लिए हैं।
नए सदस्यों की संख्या बढ़ी
प्रदेश सदस्यता अभियान प्रमुख एवं प्रदेश मंत्री संजय राय ने बताया कि, अभियान के अंतर्गत अवध क्षेत्र में 1,470,041 नए सदस्य, कानपुर क्षेत्र में 1,095,203, काशी क्षेत्र में 425,765, गोरखपुर क्षेत्र में 583,522, पश्चिम क्षेत्र में 955,267 व ब्रज क्षेत्र में 810,547 नए सदस्य बने हैं।
12 और 13 दिसंबर को विशेष अभियान
संजय राय ने बताया कि, पूरे प्रदेश में 12 और 13 दिसंबर को पार्टी विशेष सदस्यता अभियान चलाएगी। जिसमें सभी बूथों पर विशेष सदस्यता अभियान चलेगा। इस दौरान सभी 1 लाख 74 हजार बूथों पर पार्टी से नए सदस्य जोड़े जाएगें। दोनों ही दिन पार्टी के सभी सांसद, विधायक, मंत्री, निगम, बोर्ड के सदस्य, जनप्रतिनिधि, पार्टी के सभी पदाधिकारी तथा नेता बूथों पर सदस्यता कार्यक्रम में प्रतिभागिता करेंगे।
चार करोड़ से ज्यादा पॉपुलर वोट पाने का लक्ष्य
वर्ष 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा को 3.44 करोड़ पॉपुलर वोट मिले थे। भाजपा चुनाव 2022 में चार करोड़ से ज्यादा पॉपुलर वोट पाने का लक्ष्य लेकर चुनावी मैदान में उतरेगी। इसके लिए पन्ना प्रमुखों से लेकर उच्च स्तर के कार्यकर्ताओं को सक्रिय मोड में लाया जाएगा। पार्टी का दावा है कि वह समाज के सभी समीकरणों को साधते हुए सरकार के काम के आधार पर यह लक्ष्य हासिल करने में कामयाब रहेगी। उत्तर प्रदेश भाजपा का दावा है कि उसके पास प्रदेश में दो करोड़ सक्रिय सदस्य हैं। उत्तर प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेता संजय चौधरी ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर अपना सामाजिक आधार बढ़ाने का है।