मुख्यमंत्री से लेकर अंडर सेक्रेटरी तक ने ली संविधान की शपथ, विपक्ष ने संविधान बचाने के लिए दिया धरनाअखिलेश बोले संविधान को चकनाचूर कर रही है भाजपा
लखनऊ। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अनुसचिव तक ने संविधान की शपथ ली और वहीं समाजवादी पार्टी ने संविधान बचाने के लिए विधानभवन के सामने धरना दिया और कहा कि भाजपा संविधान को चकनाचूर कर रही है। कांग्रेस ने भी भाजपा पर संविधान की मंशा को खत्म करने का आरोप लगाया।
राज्यपाल आनंदी बेन, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित व सरकार के मंत्रियों और विधायकों ने संविधान की शपथ ली। मुख्य सचिव आरके तिवारी, प्रमुख सचिव सचिवालय प्रशासन महेश गुप्ता, लघु उद्योग के प्रमुख सचिव नवनीत सहगल समाज कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव मनोज सिंह लेते हुए कहा कि हम सत्य निष्ठा से प्रतिज्ञान करते हैं कि भारत के संविधान में दिए गए मूल कर्तव्यों का पालन करेंगे। संवैधानिक आदर्शो, संस्थाओं, राष्ट्रध्वज और राष्ट्रीय प्रतीकों का आदर करेंगे। देश की संप्रभुता अखंडता की रक्षा करेंगे। महिलाओं का सम्मान करेंगे। हिंसा से दूर रहकर बंधुता बढ़ाएंगे। वैज्ञानिक दृष्टि से विकास करेंगे।
वहीं इसके विपरीत विपक्ष ने विधानभवन के सामने संविधान बचाओ दिवस मनाया और धरना दिया। कांग्रेस के अजय कुमार लल्लू और अनुराधा मिश्रा मोना ने भाजपा की जमकर आलोचना की। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि 26 नवम्बर 2019 को संविधान दिवस है जब 70 वर्ष पूर्व भारत के संविधान को आत्मार्पित किया गया था। बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर का संविधान निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा था। संविधान दिवस पर उनका नमन करते हुए हमें भीमराव अम्बेडकर की वह चेतावनी भी याद आ रही है कि संविधान के प्राविधानों का अनुचित प्रयोग सत्ता दल अपनी मनमानी से कर सकता है। आज कुछ ऐसी ही स्थिति है जब सत्तारूढ़ भाजपा सरकार संविधान की मूल भावना के साथ ही खिलवाड़ कर रही है और अपने स्वार्थ साधन में इसके प्राविधानों का इस्तेमाल कर रही है। भाजपा धुंध की सरकार है।