लखनऊ

राज्यपाल राम नाईक ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि, कहा- शहीदों के लिये कुछ कर सका इसका उन्हें समाधान है

राज्यपाल ने कारगिल विजय दिवस पर मध्यम कमान स्मृतिका जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की
less than 1 minute read
• •
Updated: 26 Jul 2019, 9:54 PM IST
Feature image

लखनऊ. उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने आज कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मध्य कमान स्थित स्मृतिका जाकर अमर ज्योति के समक्ष शहीदों को नमन किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर ले0जनरल अभय कृष्ण सहित सेना के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं जवान उपस्थित थे।


राज्यपाल राम नाईक एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम लखनऊ द्वारा कारगिल शहीद स्मृति वाटिका में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में कारगिल के शहीदों को नमन किया तथा कारगिल शहीद एवं स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के परिजनों को अंग वस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मंत्री आशुतोष टण्डन, राज्यमंत्री मोहसिन रज़ा, महापौर संयुक्ता भाटिया, विधायक नीरज बोरा, सभासदगण तथा बड़ी संख्या में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्रायें उपस्थित थे।


राज्यपाल ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुये कहा कि आज का दिन शहीदों को याद करने का दिन है। हम सुरक्षित हैं क्योंकि सीमा पर सेना है। ऐसे में जिन्होंने देश का मान बढ़ाया है उनको याद करके उनके प्रति आदर व्यक्त करना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि शहीदों के लिये कुछ कर सका इसका उन्हें समाधान है। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में वे पेट्रोलियम मंत्री रहते हुये 439 कारगिल शहीद परिवारों को सरकारी खर्चें पर पेट्रोल पम्प और गैस एजेन्सी उनके जीवन निर्वहन के लिये उपलब्ध करा सके। उन्होंने कहा कि इस बात का भी संतोष है कि प्रदेश के तीन परमवीर चक्र विजेताओं के भित्ति चित्र मध्य कमान स्मृतिका में उनकी सलाह से स्थापित किये गये। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि लखनऊ में पर्यटन के नक्शे पर स्मृतिका को भी शामिल किया जाये, इससे नागरिक और सेना में संवाद बढ़ेगा।

Published on: