
लखनऊ. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को लखनऊ लोकसभा क्षेत्र के पांच हजार बूथ रक्षकों तथा बूथ प्रभारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि लखनऊ के हर कोने को संवारने और सुन्दर बनाने का काम समाजवादियों ने किया है। भाजपा के पास गिनाने को एक भी काम नहीं है। बूथ रक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में 06 मई 2019 को वोट डलवा देंगे तो लखनऊ लोकसभा के चुनाव में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी पूनम शत्रुघ्न सिन्हा की जीत सुनिश्चित हो जायेगी।
जया बच्चन ने पूनम के लिए कहा यह-
वहीं जया बच्चन व पूनम सिन्हा यूं तो अब राजनीति में सक्रिय हैं, लेकिन वे दोनों बॉलीवुड की अभनेत्रियां भी हैं और 40 वर्षों में सहेलिया भी हैं। मंगलवार को पहली बार वे राजनीति के मंच पर साथ थीं। इस मौके पर जया बच्चने ने कहा कि पूनम उनकी 40 वर्ष पुरानी सहेली हैं। उन्हें जिताने में कोई कसर नहीं रखनी है। बूथ रक्षकों के सम्मेलन में प्रत्याशी पूनम सिन्हा ने कहा कि उन्हें यहां जो प्यार मिला है उससे वे लखनऊवासियों का सिर नीचा नहीं होने देंगी। कन्नौज की सांसद डिम्पल यादव ने कहा कि प्रशासन की अड़ंगेबाजी के बावजूद हमें ज्यादा से ज्यादा मतदान कराना है। हम लखनऊ की सीट जीतेंगे।
..तो सभी वोट साइकिल निशान पर मिलेंगे-
अखिलेश ने कहा कि चुनाव में गिनती वोटों की होती है। लखनऊ में चुनाव यहां काम पर ही होगा। यहां समाजवादी सरकार के समय मेट्रो रेल चली, समाजवादी पेंशन दी गई, अंतर्राष्ट्रीयस्तर का इकाना स्टेडियम बना, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे बना, लोकनायक जेपी इंटरनेशनल सेंटर बना, घंटाघर और पुराने लखनऊ का सुंदरीकरण कराया, जनेश्वर मिश्र पार्क, लोहिया पार्क, रिवरफ्रंट लखनऊ की शान हैं। हजरतगंज में मुफ्त वाईफाई सुविधा दी, महिला सुरक्षा के लिए 1090, अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100, समाजवादी एम्बूलेंस सेवा 108 एवं 102 की व्यवस्था की। छात्र-छात्राओं को लैपटाॅप बांटे गये। गोमती को निर्मल किया, यहां अहमदाबाद के रिवरफ्रंट से ज्यादा खूबसूरत रिवरफ्रंट बना है। मतदाताओं तक समाजवादी सरकार की इन उपलब्धियों को पहुंचा देंगे तो सभी वोट साइकिल निशान पर मिलेंगे।
सीएम और डिप्टी सीएम हर गए तो कन्नौज में निकाली नाराजगी-
अखिलेश यादव ने कहा कि विगत उपचुनावों में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में हार गए तो उसकी नाराजगी उन्होंने कन्नौज के चुनाव में निकालने की कोशिश की। कन्नौज में समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी के विरूद्ध साजिश लखनऊ में मुख्यमंत्री और डीजीपी ने रची। कन्नौज में कार्यकर्ताओं का जबर्दस्त उत्पीड़न किया गया। रात में घरों में दबिश दी गई। लोगों को वोट डालने से रोका गया। पुलिस ने लाठियां चलाई।
मुख्यमंत्री जी ठोको नीति चला रहे हैं-
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी ठोको नीति चला रहे हैं। पुलिस वाले समझ नहीं पा रहे हैं कि वे किसे ठोकें? कहीं वे ठोक रहे हैं, तो कहीं जनता उन्हें ठोक रही हैं। आवारा सांड मुख्यमंत्री के काफिले को गुस्से में रोक रहे हैं। एक सांसद ने विधायक जी की पिटाई कर दी। केन्द्र की भाजपा सरकार ने लोगों के पैसे निकाल लिए जिन्हें उद्योगपति लेकर विदेश भाग गए। भाजपा सरकार में राज्य में एक भी सड़क नहीं बनी। जनता परेशान है। भाजपा नफरत की राजनीति करती है।