- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार 23 अगस्त शाम अलीगढ़ के नरौरा में गंगा तट के किनारे किया जाएगा
लखनऊ. Kalyan Singh Funeral उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का अंतिम संस्कार 23 अगस्त शाम अलीगढ़ के नरौरा में गंगा तट के किनारे किया जाएगा। और उनकी अस्थियां सरयू में प्रवाहित की जाएंगी। शनिवार देर रात कल्याण सिेह (89 वर्ष) ने पीजीआई लखनऊ में अंतिम सांस ली। उनकी मृत्यु की सूचना के बाद यूपी सहित पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया है। और कल्याण सिंह के अंतिम संस्कार के दिन 23 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश की घोषणा की है।
23 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश घोषित :- कल्याण सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया। एसजीपीजीआई में मुख्यमंत्री शेगी ने बताया कि, कल्याण की पार्थिव देह को रविवार को अलीगढ़ लेकर जाया जाएगा। अलीगढ़ स्टेडियम में उनकी पार्थिव देह को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। 23 अगस्त को उनकी देह को अतरौली में लेकर जाएंगे, वहां उनके समर्थक और आम जन अंतिम दर्शन कर पुष्पाजंलि अर्पित करेंगे। 23 अगस्त की शाम नरौरा में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिक से अधिक लोग उनके अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें इसलिए 23 अगस्त को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है।
राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा :- मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि, कल्याण सिंह के निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इस अवधि में राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का अंत्येष्टि संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
कल्याण सिंह का सपना पूरा करेंगे : सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने यूपी के विकास का जो सपना देखा था उसे अवश्य पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री ने उनकी आत्मा शांति की प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।