लखनऊ

शिवा शर्मा की मां का छलका दर्द, श्रद्धा के वीडियो पर उठाए सवाल बोली- पुलिस पर भरोसा था, लेकिन अब शक होता है

Lucknow Crime News: लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपी श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी न होने और लगातार वीडियो जारी करने पर उसकी मां ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, उन्हें अब भी अदालत से न्याय की उम्मीद है।
3 min read
• •
Oct 19, 2026
lucknow shiva sharma death model shraddha dubey
मॉडल श्रद्धा दुबे (InstagramPhoto shraddha dubey)

Shiva Sharma Murder Case: लखनऊ के शिवा शर्मा हत्याकांड में मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी नहीं होने और उसके लगातार वीडियो जारी करने से शिवा की मां का भरोसा डगमगाने लगा है। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें पुलिस की कार्रवाई पर भरोसा था, लेकिन अब श्रद्धा के वीडियो देखकर शक पैदा हो रहा है। मां ने सवाल उठाया कि तमाम संसाधन होने के बावजूद पुलिस उसे पकड़ क्यों नहीं पा रही है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा चाहे जितने वीडियो जारी करे, आरोपों का जवाब अदालत में दिया जाएगा। उन्हें अब भी कोर्ट से न्याय की उम्मीद है।

श्रद्धा के वीडियो से शिवा की मां को शक

लखनऊ में शिवा शर्मा की मौत के मामले में फरार मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे के लगातार वीडियो जारी करने से मामला चर्चा में है। पुलिस ने श्रद्धा समेत सभी आरोपियों पर इनाम बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया है। अदालत आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी कर चुकी है, लेकिन श्रद्धा अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

शिवा की मां ने आज तक से बातचीत में कहा कि उन्हें अब तक पुलिस की कार्रवाई पर भरोसा था। लेकिन श्रद्धा जिस तरह लगातार वीडियो जारी कर रही है, उससे शक पैदा होता है। उन्होंने सवाल उठाया कि पुलिस के पास तमाम संसाधन हैं, फिर भी श्रद्धा को पकड़ा क्यों नहीं जा रहा है।शिवा की मां ने कहा कि श्रद्धा अपनी सफाई में चाहे जितने वीडियो जारी कर ले, न्याय अदालत से मिलेगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धा के आरोपों का जवाब कोर्ट में दिया जाएगा और उन्हें अब भी अदालत से न्याय की उम्मीद है।

श्रद्धा ने सीसीटीवी फुटेज पर उठाए सवाल

श्रद्धा दुबे ने अपने वीडियो में दावा किया कि शिवा शर्मा की मौत हत्या नहीं, बल्कि आत्महत्या थी। श्रद्धा ने कहा कि शिवा ने उसकी बिल्डिंग की चौथी मंजिल से छलांग लगाई थी। उसने कहा कि बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग से घटना की सच्चाई सामने आ सकती है। श्रद्धा ने सवाल किया कि जब नेपाल जाने के सीसीटीवी फुटेज निकाले जा चुके हैं, तो उसकी बिल्डिंग के कैमरों की रिकॉर्डिंग सामने क्यों नहीं लाई गई। उसका दावा है कि फुटेज से उसकी बेगुनाही साबित हो सकती है।

शिवा से दोस्ती और कर्ज को लेकर दावा

श्रद्धा ने बताया कि वह शिवा शर्मा को करीब चार महीने से जानती थी और दोनों के बीच लगभग ढाई महीने तक दोस्ती रही। उसने कहा कि शिवा पिछले दो महीनों से उसके घर आने लगा था। श्रद्धा ने दावा किया कि शिवा पर करीब 16 से 17 लाख रुपये का कर्ज था। कर्जदारों के फोन आने से वह परेशान रहता था। उसने यह भी आरोप लगाया कि करीब एक महीने पहले शिवा उसके घर से पांच से छह लाख रुपये के आभूषण ले गया था। श्रद्धा ने कहा, 'शिवा ने एक वीडियो में आभूषण लौटाने की बात कही थी।'

अस्पताल से जाने की भी बताई वजह

श्रद्धा ने दावा किया कि शिवा को अस्पताल ले जाते समय उसे सांस लेने में परेशानी और निजी कारणों के चलते वहां से जाना पड़ा। उसने कहा कि घटना के बाद वह सदमे में थी। साथ ही, उसने अपने ड्राइवर के साथ कथित मारपीट का जिक्र करते हुए कहा कि इस वजह से वह घबरा गई और वहां से चली गई।

बहन का नाम मामले में घसीटने पर जताई आपत्ति

श्रद्धा ने सोशल मीडिया पर अलग-अलग लोगों के साथ अपनी तस्वीरें वायरल किए जाने पर भी आपत्ति जताई। उसने कथित डायरी के जरिए मामले का खुलासा होने के दावों को नकारा। अपनी बहन का नाम मामले में घसीटे जाने पर श्रद्धा ने कहा कि उसकी बहन को घटना के बारे में कुछ नहीं पता।

Updated on:
19 Oct 2026 09:30 am
Published on:
19 Oct 2026 08:05 am