- यूपी की अब तक की बड़ी खबरें।
लखनऊ. पत्रिका उत्तर प्रदेश का सभी पाठकों को सुबह सुबह का नमस्कार। आप सभी स्वस्थ्य रहें। खुश रहें। आपका दिन शुभ हो। आज शनिवार तारीख 28 अगस्त है। और ललही छठ का त्यौहार है। आप सभी को बधाई। दिन की शुरुआत से पहले आइए जान लेते हैं यूपी की आज की प्रमुख खबरें।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद गोरखपुर दौरा आज :-
गोरखपुर. गोरखपुर को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आयुष विश्वविद्यालय के साथ ही गोरखनाथ विश्वविद्यालय की भी सौगात देंगे। उनके आगमन को लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। राष्ट्रपति आज सुबह 10.40 बजे सेना के वायुयान से गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वायुसेना के हेलीकाप्टर से 11.10 बजे भटहट के पिपरी जाएंगे जहां वह प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे। राष्ट्रपति जनसभा को भी संबोधित करेंगे। करीब एक घंटे के बाद वह, हेलीकाप्टर से महायोगी गुरु गोरक्षनाथ विश्वविद्यालय जाएंगे। दोपहर 12.15 बजे उनका हेलीकाप्टर विश्वविद्यालय परिसर में लैंड करेगा। दोपहर 12.25 बजे से 1.10 बजे तक वह विश्वविद्यालय के लोकार्पण के साथ ही जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब दो घंटे का समय सुरक्षित है।
भाजपा ने छह क्षेत्रों में घोषित किए एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष :-
लखनऊ. भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचन्द्र कनौजिया ने शुक्रवार को अवध, काशी, ब्रज, गोरखपुर, कानपुर-बुंदेलखंड और पश्चिम क्षेत्र में मोर्चा के जिलाध्यक्ष घोषित किए हैं। भाजपा की ओर से घोषित एससी मोर्चा के जिलाध्यक्षों की सूची में खासतौर पर पश्चिम और ब्रज में जाटव समाज के कार्यकर्ताओं को मोर्चा की कमान सौंपी गई है। पार्टी ने अनुसूचित जाति वर्ग में अपने पासी, वाल्मीकि, सोनकर वोट बैंक को भी प्रतिनिधित्व दिया है।
नींव भराई का काम लगभग पूरा :-
अयोध्या. रामजन्मभूमि में विराजमान रामलला के मंदिर निर्माण के लिए नींव के रूप में उत्खनित क्षेत्र की भराई का काम लगभग पूरा हो गया है। इस आशय का दावा गुरुवार को रामजन्मभूमि ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महंत गोविंद देव गिरि ने किया। एक बातचीत में कहा कि अब राफ्ट ढलाई का काम शीघ्र शुरू होगा। पुन: इसके ऊपर सुपर स्ट्रक्चर के प्लिंथ का निर्माण कराया जाएगा।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व सोमवार को :-
मथुरा. मथुरा व वृंदावन में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व के लिए भगवान श्रीकृष्ण जन्म के दर्शन को बड़ी संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। श्रद्धालुओं को कोई दिक्कत न हो इसके लिए यातायात पुलिस ने ट्रैफिक प्लान बनाया हैं। 29 से 31 अगस्त तक के लिए बनाए गए इस ट्रैफिक प्लान में श्री कृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र के आसपास नो व्हीकल जॉन रखा गया हैं ।
दिव्यांग शिक्षिका ने केबीसी में जीते एक करोड़ रुपए :-
आगरा. आगरा की दिव्यांग शिक्षिका हिमानी बुंदेला ने केबीसी में जीते एक करोड़ रुपए। "जीतने वाला कोई अलग काम नहीं करता, वो हर काम को अलग तरीके से करता है..." ये शब्द थे आगरा की दिव्यांग प्रतियोगी हिमानी बुंदेला के, जिन्होंने हॉट सीट पर अपनी केबीसी यात्रा शुरू की। उत्साही स्वभाव की हिमानी एक शिक्षिका हैं जो प्राइमरी स्कूल के छात्रों के लिए गणित की क्लास को एक मजेदार क्लास बनाने में जुटी रहती हैं। वह अपने छात्रों की सबसे पसंदीदा शिक्षिका हैं क्योंकि वह मेंटल मैथ्स को 'मैथ्स मैजिक' कहकर सीखने का अनुभव खास बना देती हैं। उनकी केबीसी यात्रा 30 और 31 अगस्त को शुरू होगी, जहां वह शो के होस्त अमिताभ बच्चन को मेंटल मैथ्स की कुछ ट्रिक्स भी सिखाती नजर आएंगी।