
Nepal Flood: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और प्राकृतिक आपदा को लेकर भारत में नेताओं ने दुख जताया है। केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बताया कि घटना के बाद भारतीय मिशन ने तत्काल 24 घंटे चलने वाली हेल्पलाइन शुरू की थी। वहीं,उत्तर प्रदेशसरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से हर संभव मदद की जा रही है और उत्तर प्रदेश में भी अधिकारी पूरी तरह सतर्क हैं।
भाजपा के राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने नेपाल में हुई जनहानि को बेहद दुखद बताते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई। वहीं, समाजवादी पार्टी के नेता फखरुल हसन चांद ने नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने और लापता लोगों का पता लगाने की मांग की।
केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने नेपाल में आई बाढ़ को लेकर बताया कि घटना के दिन ही भारतीय मिशन ने 24 घंटे चलने वाली हेल्पलाइन शुरू कर दी थी।
उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन शुरू करने का उद्देश्य नेपाल में बने हालात पर लगातार नजर रखना और यह पता लगाना था कि किस स्थान पर किस तरह की मदद की जरूरत है। इसके अलावा नेपाल में मौजूद या फंसे भारतीय नागरिकों की जानकारी जुटाने और उनकी परेशानियों को दूर करने के लिए भी यह व्यवस्था शुरू की गई।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने नेपाल की त्रासदी पर दुख जताते हुए कहा कि इस घटना से सभी दुखी हैं और पूरा विश्व इससे प्रभावित है।
उन्होंने जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उनके लिए प्रार्थना की। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से हर प्रकार की मदद की जा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में प्रशासन सतर्क है और सभी अधिकारी सड़कों पर हैं। राज्य में किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी होने की बात भी उन्होंने कही।
भाजपा के राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि को बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना बताया।
उन्होंने उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई, जिन्होंने इस आपदा में अपने प्रियजनों को खो दिया है। साथ ही प्रभावित लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
दिनेश शर्मा ने नेपाल की प्राकृतिक आपदा को सिर्फ नेपाल तक सीमित त्रासदी नहीं बताया। उन्होंने कहा कि यह पूरे हिमालयी क्षेत्र के लिए भी एक गंभीर चेतावनी है।
उन्होंने कहा कि आपदा में 500 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग अब भी लापता हैं। उनके मुताबिक, मौजूदा स्थिति बेहद संवेदनशील और गंभीर है।
समाजवादी पार्टी के नेता फखरुल हसन चांद ने नेपाल की घटना पर पार्टी की ओर से दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह त्रासदी लोगों की कल्पना से भी ज्यादा बड़ी है।
उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति शोक-संवेदना जताई। साथ ही सपा की ओर से मांग रखी कि नेपाल में फंसे भारतीय नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकाला जाए।
फखरुल हसन चांद ने कहा कि नेपाल में जो भारतीय नागरिक फंसे हुए हैं, उन्हें सुरक्षित वापस लाने के प्रयास किए जाने चाहिए। इसके साथ ही लापता लोगों का पता लगाने की भी मांग की।
नेपाल की प्राकृतिक आपदा के बीच भारत की ओर से राहत और बचाव प्रयासों के साथ वहां मौजूद भारतीय नागरिकों की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।