
UP Assembly Election: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर एक बार फिर निशाना साधा है। उन्होंने साल 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा की जीत पर सवाल उठाते हुए पूछा कि अगर साल 2017, 2019 और 2022 के चुनाव गलत थे, तो 2024 का चुनाव सही कैसे हो गया? राजभर ने सपा के 37 सांसदों की जीत का जिक्र करते हुए साल 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी तंज कसा। इससे पहले उन्होंने दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर अखिलेश पर निशाना साधा था और उन्हें राहुल गांधी के साथ दिल्ली की दौड़ लगाने पर घेरा था।
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अखिलेश यादव से लोकसभा चुनाव को लेकर सवाल किया। उन्होंने लिखा कि अखिलेश यादव, बस एक बात बता दीजिए, साल 2024 में लोकसभा चुनाव ईमानदारी से हुआ था या नहीं? 2017 में आप हारे, 2019 में आप हारे, 2022 में भी आप हारे लेकिन 2024 में जीत गए। केंद्र में तो साल 2014 से लेकर अब तक भाजपा की ही सरकार है। फिर से चार में से तीन चुनाव में चुनाव गलत और एक में सही हो गया?
राजभर ने आगे सपा के 37 सांसदों की जीत का जिक्र करते हुए पूछा कि वे दिल्ली कैसे पहुंचे। उन्होंने लिखा कि साल 2024 में आपकी पार्टी सपा के 37 सांसद जीत के दिल्ली कैसे पहुंच गए? इसमें पांच तो आपके अपने घर से थे। 2024 में सपा को हैसियत से ज्यादा सीटें मिल गईं तब सब 'आल इज वेल' हो गया? या तो 24 के चुनाव में आपके वोटर फर्जी थे या फिर आप आज सरेआम अफवाहबाजी कर रहे हैं। एसी, पीसी और ट्विटर ने आपको बहका दिया है।
ओम प्रकाश राजभर ने अपनी पोस्ट में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि अब नवाबी के दिन हवा हो गए। तय मान लीजिए कि साल 2027 में आपकी साइकिल का टायर पंचर नहीं, फटने जा रहा है। इस बार साइकिल का रिम-फ्रेम सब टेढ़ा होने वाला है। ये बात आप बहुत अच्छे से समझ चुके हैं। उसी के लिए अभी से फर्जी भूमिका बांधने में जुट गये हैं। पहले ही से बहाना खोज के रख रहे हैं ताकि बाद में लोडरों के सामने मुंह छिपा सकें। कुछ आंसू बचाके रखिए। सत्ताइस में सपा साफ है अखिलेश।
इससे पहले भी राजभर ने दिल्ली में विपक्ष के प्रदर्शन को लेकर अखिलेश यादव पर तंज कसा था। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव दिल्ली में पिछलग्गू बनके घूमने में मजा आ रहा है कि नहीं? ठगबंधन में आपकी असली हैसियत आपके दिल्ली वाले मतलबी दोस्तों ने सबके सामने दिखा दिया। ऐसा लग रहा है आपको बारात वाले ट्रैक्टर पर जबरिया ठूंस दिया गया हो। जैसे कि आप दूल्हा के दोस्त के ममेरे भाई के नाराज फूफा जी हों..।
राजभर ने अपनी पिछली पोस्ट में आगे लिखा था कि आपके लोडरवा सब भी सोच रहे होंगे कि हम लोग जिनको 'अवतारी भैयाजी' बताते नहीं थकते थे, हमारे वही भइया जी, सबके सामने खुद ही 'लोडर' बनके भीड़ में खो जा रहे हैं। कुर्सी की ख्वाहिश पाले दरी बिछाने में लगे हैं। नैया की पतवार बड़के भैया राहुल जी के हाथ में चली गई है। और जाइए, भाग-भाग के दिल्ली! करा लिये न घनघोर बेइज्जती? आप भी गजब करते हैं! चुनाव यूपी में है और आप दिल्ली की दौड़ लगा रहे हैं! दूसरे की बारात में कब तक सहबाला बनेंगे महाराज?