लखनऊ

शिव शर्मा की मां का बड़ा बयान, बोलीं- हॉस्पिटल पहुंचने पर नहीं मिला बेटे का कोई रिकॉर्ड, ड्राइवर बोला, मैं तो बस एक नौकर हूं, मुझे कुछ नहीं पता

Shiv Sharma Murder Case: लखनऊ के शिव शर्मा हत्याकांड में मां रंजना शर्मा ने कहा कि अस्पताल पहुंचने पर बेटे के भर्ती होने का रिकॉर्ड नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि शिव अवसाद से पीड़ित नहीं था और मामले में जल्द गिरफ्तारी कर न्याय दिलाने की मांग की।
3 min read
• •
Oct 16, 2026
मॉडल श्रद्धा दुबे
मॉडल श्रद्धा दुबे (Instagram Photo श्रद्धा दुबे)

Shiv Sharma Death Case: लखनऊ में शिव शर्मा हत्याकांड को लेकर उनकी मां रंजना शर्मा ने श्रद्धा पर लगे आरोपों के संबंध में बयान दिया है। उन्होंने कहा कि श्रद्धा पुलिस के सामने आकर अपना पक्ष रख सकती है। रंजना ने कहा कि श्रद्धा की बहन ने फोन करके बताया कि शिव बालकनी से गिर गया है और वे उसे राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जा रहे हैं। हालांकि, जब हम वहां पहुंचे तो वहां कोई नहीं था। हमने रिसेप्शन पर पता किया, लेकिन उसके भर्ती होने का कोई रिकॉर्ड नहीं था। जब हमने उसकी बहन को दोबारा फोन किया, तो उसने ड्राइवर का संपर्क नंबर दिया। ड्राइवर से बात करने पर उसने बताया कि वे मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन वार्ड में हैं।

जब मैं वहां अकेली पहुंची, तो मैंने एक एम्बुलेंस खड़ी देखी, साथ में उसका ड्राइवर और दानिश भी थे। मैंने उससे पूछा कि क्या हुआ है, लेकिन उसने बस इतना कहा कि मैं तो बस एक नौकर हूं, मुझे कुछ नहीं पता, और फिर भाग गया। रंजना ने दावा किया कि शिव अवसाद से पीड़ित नहीं था। उन्होंने अपनी सारी संपत्ति पुलिस को सौंपने की बात कही और मामले में जल्द गिरफ्तारियां कर न्याय दिलाने की मांग की।

शिवा को बंधक बनाकर प्रताड़ित किया, फिर बिल्डिंग से धक्का दे दिया- रंजना शर्मा

शिवा की मां रंजना शर्मा अपने बेटे की मौत को लेकर सवाल उठा रही हैं। उन्होंने श्रद्धा दुबे से सामने आकर जवाब देने की मांग की। रंजना का कहना है कि परिवार के पास ऐसे सबूत हैं, जिनके आधार पर वे बेटे की मौत को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर श्रद्धा नेपाल में है, तो उसे सामने आकर जवाब देना चाहिए। परिवार का आरोप है कि शिवा को कई महीनों से परेशान किया जा रहा था और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी जाती थी। परिजनों ने प्रताड़ना, मारपीट, पैसों के लिए दबाव बनाने और सिगरेट से जलाने जैसे आरोप भी लगाए हैं। उनका दावा है कि शिवा को बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया और फिर बिल्डिंग से धक्का दिया गया।

मॉडल श्रद्धा दुबे (InstagramPhoto shraddha dubey)

श्रद्धा बोलीं- मैंने अपनी आंखों से छलांग लगाते देखा

इस बीच मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे का एक नया वीडियो सामने आया है। इसमें श्रद्धा ने शिवा की मौत को आत्महत्या बताते हुए कहा कि उसने उसे अपनी आंखों के सामने छलांग लगाते देखा था। दूसरी तरफ, शिवा का परिवार इसे हत्या बता रहा है और श्रद्धा पर कई गंभीर आरोप लगा रहा है। सामने आए वीडियो में श्रद्धा दुबे कहती हैं कि मैंने अपनी आंखों से उसको कूदते हुए देखा है। अगर वहां के सीसीटीवी कैमरे निकलेंगे, सब कुछ सामने आ जाएगा।

उन्होंने कहा कि घटना के बाद उनकी तबीयत बहुत खराब हो गई थी। श्रद्धा ने कहा कि यह घटना 7 तारीख की है। उस दिन शिवा ने एक चाय वाले के जरिए उनके ड्राइवर को फोन करवाया था। श्रद्धा ने बताया कि उस चाय वाले के यहां वे अक्सर चाय पीते थे और इससे पहले करीब छह-सात दिनों से उनकी शिवा से कोई बातचीत नहीं हो रही थी।

रात दो बजे शिवा का आया फोन

श्रद्धा ने कहा कि चाय वाले के जरिए ड्राइवर को फोन करने के दौरान शिवा बहुत रो रहा था। इसके बाद श्रद्धा ने उसे कॉल किया, लेकिन फोन नहीं उठा। उन्होंने बताया कि रात करीब दो बजे शिवा का फोन आया। श्रद्धा ने उससे पूछा कि वह क्यों रो रहा है और कहां है। इस पर शिवा ने उनसे मिलने आने की बात कही। श्रद्धा के अनुसार, इसके बाद शिवा अपनी कार से उनसे मिलने पहुंचा।

श्रद्धा और साथियों की तलाश जारी

शिवा की मौत के मामले में श्रद्धा दुबे फरार बताई जा रही हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। श्रद्धा के साथ उनकी बहन रश्मि और दोस्त आदिल के नेपाल जाने की बात भी सामने आई है। भारत-नेपाल सीमा के पास रुपईडीहा में श्रद्धा की बताई जा रही एक काली स्कॉर्पियो लावारिस हालत में मिली। वहीं, नेपाल के महिम नगर में सामने आए सीसीटीवी फुटेज में तीन लोगों को बस स्टेशन पहुंचते और फिर वहां से जाते देखा गया।

Updated on:
16 Oct 2026 08:40 am
Published on:
16 Oct 2026 08:19 am