शुक्रवार को लखनऊ में भाजपा ने कुख्यात अपराधी को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
लखनऊ. लोकसभा चुनाव के बीच भाजपा ने बड़ा मास्टर स्ट्रोक चला है। शुक्रवार को लखनऊ में भाजपा ने बिहार के बाहुबली नेता व पूर्व विधायक राजन तिवारी को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस खबर से यूपी की राजनीति में हड़कंप मच गया है। कई विपक्षी दल इसको लेकर भाजपा पर हमलावर भी हुए हैं। दरअसल दो बार के विधायक राजन तिवारी हत्या, लूट और अपहरण जैसे कई संगीन मामलों के आरोपी हैं। वह पिछले कुछ महीनों में कई पार्टियों में रह चुके हैं जिसमें आरजेडी, बीएसपी, आरएलएसपी शामिल हैं।
राजन तिवारी ने लगाए 'फिर एक बार मोदी सरकार'-
योगी सरकार के मंत्री आशुतोष टंडन के नेत्रत्व में शुक्रवार को राजन तिवारी ने भाजपा कार्यालय में पार्टी का दम थामा था। इस दौरान उन्होंने 'फिर एक बार मोदी सरकार' का नारा भी लगाया। उनके खिलाफ दर्ज मामलों की बात करें तो राजन तिवारी 90 के दशक में अपराध की दुनिया में सक्रिया हुए। वर्तमान समय में उनके खिलाफ हत्या, लूट, अपहरण के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं। आरजेडी नेता व पूर्व मंत्री बृजबिहारी प्रसाद की हत्या में इनका नाम उछाला गया था।
यूपी के रहने वाले हैं राजन-
राजन तिवारी मूल रूप से यूपी के गोरखपुर के रहने वाले हैं। यूपी में जब उन्हें मोस्ट वांटेड घोषित कर दिया गया था तब वह पुलिस से बचने के लिए बिहार में छुपकर रहने लगे थे।
संजय सिंह ने कसा तंज-
आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने इसको लेकर भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट में लिखा कि भाईसाहेब लखनऊ तहज़ीब का शहर है। भाजपा एक संस्कारी पार्टी है। अब ये राजन तिवारी माफ़िया नहीं महान संत बन चुका है, काश ये तिवारी किसी दूसरी पार्टी में शामिल होता तो "TV वालों का WWF देखते"।