लखनऊ

Mosque Demolition Case: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने लिया हिरासत में, मस्जिद विवाद पर कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी

Ajay Rai Detained by Police: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को लखनऊ पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वह सहारनपुर में कलेक्ट्रेट मस्जिद पर हुई बुलडोजर कार्रवाई का जायजा लेने जा रहे थे।
2 min read
Sep 07, 2026
Ajay Rai Detained, Saharanpur Masjid Demolition, UP News
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पुलिस हिरासत में (फोटो- X/ @INCUttarPrades)

Saharanpur Mosque Demolition News:उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में मस्जिद पर हुए बुलडोजर एक्शन के बाद सूबे की सियासत में उबाल आ गया है। इस मामले में अब लखनऊ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय को सोमवार को हिरासत में ले लिया है। अजय राय अपनी पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ सहारनपुर जाने की तैयारी में थे। उन्हें लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय से हिरासत में लिया गया और पुलिस लाइन ले जाया गया।

पुलिस ने धरने से उठाकर हिरासत में लिया

सहारनपुर में करीब 120 साल पुरानी मस्जिद को ढहाए जाने के विरोध में और वहां के हालात का जायजा लेने के लिए कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर जा रहा था। जब पुलिस ने उन्हें जाने से रोका तो अजय राय लखनऊ कांग्रेस कार्यालय के बाहर ही धरने पर बैठ गए। अजय राय इस बात पर अड़े हुए थे कि वह हर हाल में सहारनपुर जाएंगे और अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज उठाएंगे। इस तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कांग्रेस कार्यालय के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुईनोकझोंक

जब पुलिस ने अजय राय को धरने से हटाने की कोशिश की तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसका जमकर विरोध किया। कुछ देर की गहमागहमी के बाद पुलिस ने अजय राय को हिरासत में ले लिया। इस दौरान आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की गाड़ी को घेरकर अजय राय को छुड़ाने की कोशिश भी की लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें गाड़ी में बैठाया और वहां से पुलिस लाइन लेकर चले गए। इसके बाद भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते रहे।

हिरासत से पहले दिया अजय राय का बड़ा बयान

हिरासत में लिए जाने से ठीक पहले अजय राय ने राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आक्रोश भरे लहजे में कहा कि कांग्रेस अन्याय के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी। हम अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे और इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। अजय राय ने यह भी कहा कि मुसलमानों पर अत्याचार करने वालों के खिलाफ कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता डटकर खड़ा रहेगा।

क्या है सहारनपुर मस्जिद विवाद

सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद मस्जिद को प्रशासन ने सरकारी जमीन पर बना अवैध निर्माण बताते हुए शनिवार तड़के बुलडोजर से ढहा दिया था। प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि यह पूरी कार्रवाई अदालत के आदेश के बाद और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत ही की गई है। हालांकि इस ध्वस्तीकरण के बाद कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत कई विपक्षी दलों ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए हैं और इसे एकतरफा कार्रवाई बताया है। मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद कई विपक्षी दलों और नेताओं ने इस बुलडोजर एक्शन का कड़ा विरोध किया है।