लखनऊ

शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के बाद खुलेंगे पार्क, योगी सरकार कामगार और श्रमिकों को देगी बीमा का लाभ

लॉकडाउन 4 में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स खोलने के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने जनता को एक और बड़ी राहत दी है

2 min read
May 27, 2020
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के बाद खुलेंगे पार्क, योगी सरकार कामगार और श्रमिकों को देगी बीमा का लाभ

लखनऊ. लॉकडाउन 4 में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (Shopping Complex) खोलने के बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार (UP Government) ने जनता को एक और बड़ी राहत दी है। यूपी सरकार अब मॉर्निंग वॉक के लिए पार्कों को खोलने जा रही है। इसके लिए एक तय समय तक पार्क खोले जाएंगे। मंगलवार को अफसरों संग लॉकडाउन की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने ये निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कामगारों व श्रमिकों को लेकर भी कुछ फैसले किए। बैठक में निर्देश दिए कि विभिन्न राज्यों से प्रदेश आने के इच्छुक कामगारों व श्रमिकों की सूची प्राप्त करने के लिए संबंधित राज्य सरकारों को पत्र भेजा जाए। सरकार ने सभी श्रमिकों व कामगारों को बस या ट्रेन से निशुल्क लाने की व्यवस्था की है।

पार्कों में पेट्रोलिंग जरूरी

लॉकडाउन में खुलने वाले पार्कों में पेट्रोलिग की जाएगी। मुख्यमंत्री के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस बात की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा, 'समय तय करके पार्कों में माॅर्निंग वाॅक की अनुमति दी जाए। सुरक्षा तथा सोशल डिस्टेंसिंग सुनिश्चित करने के लिए पार्कों में पेट्रोलिंग की जाए। वित्तीय तथा औद्योगिक संस्थानों सहित सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर पेट्रोलिंग व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जाए।'

कामगार और श्रमिकों को बीमा की गारंटी

प्रदेश सरकार अपने हर कामगार व श्रमिक को सोशल सिक्योरिटी, सुरक्षा और बीमा की गारंटी देगी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि कामगारों/श्रमिकों का शोषण और उत्पीड़न हर हाल में रुके, इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार पूरी तरह संकल्पित होकर कार्य कर रही है और आगे भी करती रहेगी।

15 दिन में स्किल मैपिंग डाटा तैयार

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रदेश आने वाले सभी कामगारों व श्रमिकों की स्क्रीनिंग करते हुए उन्हें आवश्यकतानुसार क्वारंटीन सेंटर या होम क्वारंटीन के लिए भेजा जाए। कामगारों व श्रमिकों सहित सभी जरूरतमंदों को कम्युनिटी किचन के माध्यम से फूड पैकेट उपलब्ध करवाए जाएं। होम क्वारंटीन के लिए घर जाने वाले कामगारों व श्रमिकों को राशन किट उपलब्ध कराई जाए। इसके लिए खाद्यान्न की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु कामगारों व श्रमिकों के लिए नए राशन कार्ड भी बनाए जाएं।

उन्होंने एक जून, 2020 से प्रारम्भ होने वाले खाद्यान्न वितरण अभियान के आगामी चरण की तैयारी अभी से प्रारम्भ करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से कामगारों व श्रमिकों से संवाद किया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कामगारों व श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। इसके लिए स्किल मैपिंग का कार्य प्रगति पर है। 15 दिन में यह कार्य पूरा करते हुए सभी का डाटा इकट्ठा किया जाएगा।

Published on:
27 May 2020 08:42 am
Also Read
View All