लखनऊ

बेसहारा पशुओं से मिलेगी राहत, महीने भर चलेगा अभियान; इन नंबर पर दें सूचना

राज्य के किसान फसलों को पशुओं से बचाने के लिए रातभर जागते हैं। इस अभियान के बाद किसानों को राहत मिलेगी।

less than 1 minute read
Jan 20, 2023

उत्तर प्रदेश में किसान बेसहारा पशुओं से परेशान हैं। यूपी सरकार अब सरकार अभियान चलाकर बेसहारा पशुओं को पकड़ेगी। एक महीने तक पशुओं को पकड़ने का अभियान चलाया जाएगा। साथ ही संबंधित सूचना देने के लिए फोन नबंर भी जारी किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश के पशुधन और दुग्ध विकास कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह के आदेश पर अभियान चलाया जाएगा। धर्मपाल सिंह पशुधन विभाग के अधिकारियों को आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश में कहा गया है, "20 जनवरी से 20 फरवरी 2023 तक युद्धस्तर पर अभियान चलाकर बेसहारा गोवंश संरक्षित किए जाएं। इस अभियान में संबंधित जिले के डीएम और सीडीओ की मदद ली जाए।”

कंट्रोल रूम बनाकर होगी समीक्षा
आदेश में आगे कहा गया, "बेसहारा पशुओं को पकड़ने के अभियान के तहत राज्य को पूर्वी और पश्चिमी जोन में बांटें। हर जोन में नौ मंडल बनाकर अभियान चलाएं। इसकी समीक्षा के लिए कंट्रोल रूम बनाए जाएंगे। जिलेवार संरक्षित बेसहारा पशुओं की समीक्षा होगी।”

टोल फ्री नंबर पर दें जानकारी
सरकार के आदेश के साथ टोल फ्री नंबर भी जारी किए गए हैं। बेसहारा पशुओं के संबंध में लोग टोल फ्री नंबर 18001805141 और 0522-2741992 पर सूचना दे सकते हैं। इसके साथ ही किसानों से अपने पशुओं को छुट्टा न छोड़ने की अपील की गई है। वहीं, अगर ऐसा पाया जाता है तो पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Published on:
20 Jan 2023 08:54 pm
Also Read
View All