लखनऊ

UP Top News : आजमगढ़ में चल रहा धर्मांतरण का खेल, 6 महिलाएं गिरफ्तार

Top News - उत्तर प्रदेश की बड़ी खबरें सिर्फ एक क्लिक पर।

2 min read
Aug 01, 2022
UP Top News : आजमगढ़ में चल रहा धर्मांतरण का खेल, 6 महिलाएं गिरफ्तार

आजमगढ़ में चल रहा धर्मांतरण का खेल, 6 महिलाएं गिरफ्तार

आजमगढ़ जिले में भूत-प्रेत बाधा व पैसों का प्रलोभन देकर धर्मान्तरण का खेल लगातार जारी है। महराजगंज कस्बे के विष्णु नगर वार्ड की अनुसूचित जाति बस्ती में किराए के मकान में रहने वाली कप्तानगंज के पिपरी गांव निवासी इंद्रकला ने अपने बेटे के जन्मदिन पर पार्टी का आयोजन किया था। किसी ने पुलिस को सूचित किया कि इस कार्यक्रम में एक धर्म विशेष के प्रति धर्मांतरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने धर्मांतरण के इस खेल का भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस को देखते ही कुछ लोग वहां से भाग निकले। पुलिस अधीक्षक देहात सिद्धार्थ कुमार ने बताया कि, सूचना पर महराजगंज थाने में तैनात उप निरीक्षक कमलेश यादव स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। जहां जन्मदिन पार्टी के बहाने लोगों को धर्मांतरण के लिए प्रलोभन दिया जा रहा था। फिलहाल मौके से 6 महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

बारिश से गंडक में उफान, फैला बाढ़ का डर

नेपाल की पहाड़ियों पर दो दिन से हो रही भीषण बारिश की वजह से कुशीनगर के निचले इलाकों के गांवों में बाढ़ का भय फैल गया है। मिली जानकारी के अनुसार वाल्मीकि गंडक बैराज पर बड़ी गंडक नदी का डिस्चार्ज बढ़ने लगा है। नदी का डिस्चार्ज 1 लाख 22 हजार से बढ़कर 1 लाख 32 हजार 900 क्यूसेक पर पहुंच गया। इससे नदी के जलस्तर में वृद्धि होने लगी है। यह देख खड्डा रेताक्षेत्र के निचले इलाकों में रहने वाले लोग बाढ़ आने की आशंका से भयभीत हैं तो वहीं छितौनी के संवेदनशील बिंदुओं पर नदी दबाव बना रही है। छितौनी बांध के भैंसहा गेज पर नदी चेतावनी बिन्दु 95 मीटर के सापेक्ष 8 सेमी ऊपर बह रही है। नदी ने खेतों में कटान तेज कर दी है। बाढ़ खंड विभाग के एसडीओ मनोरंजन कुमार ने बताया कि, नदी महदेवा गांव के समीप कटान कर रही है। कटान को रोकने के लिए हरसंभव कोशिश की जा रही है।

हर मेडिकल कॉलेज को लगवाने होंगे 25 सीसीटीवी कैमरे

सूबे के हर मेडिकल कॉलेज को अपने यहां कम से कम 25 सीसीटीवी कैमरे लगवाने होंगे। इन कैमरों की डीवीआर भी सुरक्षित रखनी होगी। मान्यता की जांच के लिए आने वाली टीम अब सीसीटीवी कैमरे की भी निगरानी करेगी। इस संबंध में नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने निर्देश दिया है। प्रदेश में केजीएमयू, पीजीआई, लोहिया संस्थान सहित अन्य चिकित्सा संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन कई मेडिकल कॉलेजों में अभी इसके पुख्ता इंतजाम नहीं हो सके हैं। प्रदेश में संचालित 13 राजकीय मेडिकल कॉलेजों और 14 स्वशासी मेडिकल कॉलेजों में पढ़ाई चल रही है, जबकि 14 में अगले सत्र से पढ़ाई शुरू होगी। पुराने कॉलेजों में ज्यादातर जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन अब सभी कॉलेजों में इसे लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।

माहौल बिगाड़ने वालों की खैर नहीं : लखनऊ पुलिस कमिश्नर

लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर एसबी शिरोडकर ने कहाकि, लखनऊ की बिगड़ी यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए समीक्षा की जाएगी। समीक्षा में जो भी खामियां निकल के आएंगी उनको दूर किया जाएगा ताकि लोगों को सुगम यातायात मिल सके। वहीं समाज का माहौल बिगाड़ने वाले अराजक तत्वों की खैर नहीं है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपराधियों से निपटने के लिए पुख्ता योजना तैयार की जा रही है। वह पुलिस कमिश्नर का प्रभार संभालने के बाद पहली बार बोल रहे थे। नवागत पुलिस कमिश्नर ने दोपहर करीब 12 बजे पदभार ग्रहण किया। इसके बाद 1 बजे मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि सरकार की अपराध पर नियंत्रण और अपराधियों को जेल पहुंचाने की योजना को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए कार्य योजना बनाकर काम किया जाएगा।

Published on:
01 Aug 2022 09:11 pm
Also Read
View All