नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन ओवैसी ने कहा- अगर हिंसा हुई तो विरोध से हम खुद को अलग कर लेंगे
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर बवाल जारी है। देशभर इस कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। आलम ये है कि कई जगहों पर हिंसक घटनाएं भी हुई है। CAA को लेकर हैदराबाद में AIMIM की एक बड़ी बैठक हुई। इस बैठक में AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि अगर हिंसा होती है तो हम विरोध से खुद को अलग कर लेंगे।
जानाकारी के मुताबिक, CAA के खिलाफ आज भी कई शहरों में प्रदर्शन जारी है। इस कानून पर चर्चा करने के लिए शुक्रवार को AIMIM की अहम बैठक हुई। इस बैठक में असदुद्दीन ओवैसी ने साफ कहा कि हमें कानून का पुरजोर विरोध करना है। लेकिन, यह विरोध पुलिस की अनुमित और शांति के बाद ही होगी। उन्होंने कहा कि लखनऊ, दिल्ली, मंगलुरु में पुलिस की बर्बरता और हिंसा हुई थी। इतना ही नहीं दो लोगों की मौत भी हो गई है। ओवैसी ने साफ कहा कि इस घटना की हम कड़ी निंदा करते हैं। अगर अब इस कानून के खिलाफ हिंसा हुई तो इस विरोध से हम खुद को अलग कर लेंगे।
गौरतलब है कि गुरुवार को लखनऊ में इस कानून के खिलाफ जमकर प्रदर्शन हुआ। पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया और आंसू गैस के गोले भी छोड़े। वहीं, दिल्ली में भी स्थिति तनावपूर्ण है। कई जगहों पर धारा 144 लागू है। लखनऊ में कई जगहों पर आगजनी, पुलिस पर पथराव और हिंसक झड़पें हुईं। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस चौकियों पर हमला किया और मीडिया की कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया।