मुरैना

गोपीनाथ पुलिया: 15 दिन में तीसरी बार ट्रांसफार्मर में लगी आग

कम क्षमता का ट्रांसफार्मर बना परेशानी का कारण, इधर...10 दिन से अंधेरे में मवासीपुरा, गुस्साए उपभोक्ताओं ने किया हंगामा
2 min read
May 28, 2026
Gopinath Pulia: Transformer catches fire for the third time in 15 days
कम क्षमता का ट्रांसफार्मर बना परेशानी का कारण, इधर...10 दिन से अंधेरे में मवासीपुरा, गुस्साए उपभोक्ताओं ने किया हंगामा

मुरैना. शहर के गोपीनाथ की पुलिया क्षेत्र में रविवार दोपहर अचानक ट्रांसफार्मर में आग लग गई। आग लगते ही आसपास के दुकानदारों और रहवासियों में दहशत फैल गई। करीब आधे घंटे तक ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलता रहा, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई। इसके चलते कई घरों में अंधेरा छा गया और लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी का सामना करना पड़ा।


रहवासियों ने बताया कि पिछले 15 दिन में यह तीसरी बार है जब ट्रांसफार्मर में आग लगी है। उनका आरोप है कि पहले यहां 63 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा था, लेकिन उसकी जगह 25 केवीए का ट्रांसफार्मर रख दिया गया है। कम क्षमता होने के कारण लोड अधिक पड़ रहा है, जिससे बार-बार ट्रांसफार्मर गर्म होकर आग पकड़ लेता है। क्षेत्रवासियों ने बिजली विभाग से जल्द पर्याप्त क्षमता वाला नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।

इधर…10 दिन से अंधेरे में मवासीपुरा, गुस्साए उपभोक्ताओं ने किया हंगामा

मुरैना शहर के फाटक बाहर दत्तपुरा डीसी क्षेत्र स्थित मवासीपुरा में जैन बगीची का ट्रांसफार्मर पिछले 10 दिन से खराब पड़ा है। लगातार बिजली गुल रहने से परेशान रहवासी एमएस रोड स्थित विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय पहुंच गए और अधिकारियों के सामने जमकर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। रहवासियों का कहना है कि समय पर बिजली बिल जमा करने के बावजूद उन्हें मूलभूत सुविधा तक नहीं मिल पा रही है। बिजली बंद होने से इलाके में पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। लोगों को दूर-दूर से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। महिलाओं ने बताया कि भीषण गर्मी में छोटे बच्चों और बुजुर्गों की हालत खराब हो रही है। कई बार शिकायत करने के बाद भी विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अधिकारियों द्वारा अवकाश का हवाला देने पर लोगों का गुस्सा और बढ़ गया, जिसके बाद कार्यालय में हंगामे की स्थिति बन गई। स्थिति बिगड़ती देख बिजली विभाग के अधिकारियों ने जल्द नया ट्रांसफार्मर भेजकर बिजली व्यवस्था बहाल करने का आश्वासन दिया।

अस्पताल परिसर के ट्रांसफॉर्मर से लगी आग, गार्ड का हाथ जला


जिला अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नई बिल्डिंग के पास स्थित ट्रांसफॉर्मर से शॉर्ट सर्किट से चिंगारी निकली और आग लग गई। आग ने पास में रखे ठेकेदार के सामान को चपेट में ले लिया। जिससे काफी नुकसान हुआ है। आग बुझाते समय अस्पताल के गार्ड भूरे सिंह का हाथ जल गया। जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर में अचानक ट्रॉसफॉर्मर में आग लगी, उससे वहीं पास में रखे ठेकेदार के सामान में आग लग गई। ट्रांसफॉर्मर में आग लगने से पूरे जिला अस्पताल की बिजली सप्लाई ठप हो गई। सूचना मिलने पर फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची और उसने आग पर काबू पाया।

Updated on:
28 May 2026 10:37 am
Published on:
28 May 2026 10:36 am