मामला अंबाह परीक्षा केन्द्र पर छात्रों द्वारा कॉपियोंं की अदला बदली का फुटेज सामने आने का, स्टाफ बदला
मुरैना. माध्यमिक शिक्षा मंडल हायरसेकेंडरी बोर्ड में रसायन शास्त्र की परीक्षा में छात्रों के बीच कॉपियां बदलकर नकल करने और लापरवाही का मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने दो शिक्षकों को सस्पेंड कर दिया है और सीएस, एसीएस के निलंबन का प्रस्ताव कलेक्टर के माध्यम से कमिश्नर को भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार अशासकीय टेकचंद जैन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अम्बाह स्थित परीक्षा केंद्र पर 9 मई को आयोजित रसायन शास्त्र परीक्षा के दौरान कक्ष क्रमांक 5 और 15 के सीसीटीवी फुटेज सामने आए। उसमें कुछ परीक्षार्थी आपस में बातचीत करते, प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाओं अदला-बदली करते दिखाई दिए। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पर्यवेक्षकों ने नकल रोकने के बजाय लापरवाही बरती और परीक्षा व्यवस्था पर नियंत्रण नहीं रखा। इसके चलते जिला शिक्षा अधिकारी बी एस इंदौलिया द्वारा पर्यवेक्षक अंजूवाला, शिवराज सिंह करौरिया को निलंबित कर दिया है और केन्द्राध्यक्ष आशाराम माहौर, सहायक केन्द्राध्यक्ष राजेश मीना के निलंबन का प्रस्ताव कलेक्टर के माध्यम से कमिश्नर को भेजा गया है। इससे पूर्व अंबाह थाने में विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामलखन किरार की शिकायत पर दोनों पर्यवेक्षक, सीएस, एसीएस के खिलाफ परीक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। कुछ कर्मचारी संगठनों ने इस पर आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि इस तरह का मामला वर्ष 201-11 में भी आया तब महर्षि विद्या मंदिर में परीक्षा के दौरान इसी तरह नकल पकड़ी गई थी, उसमें जिला शिक्षा अधिकारी को भी सस्पेंड किया गया था, इस मामले में बचाव क्यों किया जा रहा है।
जिले में प्रशासन की सख्ती के बाद भी नकल माफिया हावी है। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्वयं स्वीकार किया है कि कुछ परीक्षा केन्द्रों पर माफिया द्वारा नकल कराने के लिए लाइट बंद करना और कैमरा खराब करने के मामले सामने आ चुके हैं। लेकिन उसके बाद भी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है, नकल पर अंकुश लगाया जा रहा है।
अंबाह की तरह मुरैना शहर में संचालित शासकीय मॉडल उमावि का वीडियो भी सामने आया है। उस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। सीएस जयवीर सिकरवार का कहना हैं कि हमारे यहां जो वीडियो फुटेज सामने आया है, वह 11.57 बजे के है जबकि 11.50 से कॉपियां लेना शुरू हो जाता है, इसलिए अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखा है।
अंबाह में टेकचंद जैन स्कूल में जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, उसमें छात्र कॉपी बदलते नजर आ रहे हैं, इसमें स्टाफ की भी लापरवाही सामने आई है। इसलिए दो पर्यवेक्षकों को सस्पेंड किया है और सीएस, एसीएस के खिलाफ निलंबन का प्रस्ताव कलेक्टर के माध्यम से कमिश्नर को भेजा गया है। वहीं चारों लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी है।