
Maharashtra Tisgaon Incident: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद इतने खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया कि शुक्रवार को माता-पिता और 18 वर्षीय बेटे की खवड़िया पहाड़ी से गिरकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुनाल चांदगुडे (18) जान देने के लिए तिसगांव इलाके के खवड़िया पहाड़ी पर चढ़ा था और उसे बचाने के दौरान पिता मुरलीधर चांदगुडे भी साथ में नीचे गिर गए। इस दौरान वहां मौजूद कुनाल की मां संगीता चांदगुडे ने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी। इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई।
इस घटना के बाद चांदगुडे परिवार में कथित पारिवारिक विवाद का एक नया एंगल भी सामने आया है। कुनाल की मां संगीता चांदगुडे सोशल मीडिया पर वीडियो बनाती थीं। उनके कुछ पुराने वीडियो सामने आए हैं, जिनमें उन्होंने पारिवारिक परिस्थितियों और विवाद को लेकर कई दावे किए थे।
संगीता चांदगुडे ने अपने वीडियो में दावा किया था कि उनके और पति मुरलीधर चांदगुडे के वैवाहिक जीवन में एक अज्ञात महिला रिश्तेदार के कथित हस्तक्षेप के कारण विवाद पैदा हो रहा था। उन्होंने यह भी बताया था कि करीब आठ साल पहले उनके एक बेटे की मौत के बाद परिवार को बड़ा मानसिक आघात पहुंचा था। इसके बाद घर में विवाद और तनाव बढ़ने का उन्होंने दावा किया था।
संगीता ने कुछ लोगों पर उन्हें और उनके पति को परेशान करने का आरोप भी लगाया था। वीडियो में उन्होंने परिवार की परिस्थितियों और अपने वैवाहिक जीवन से जुड़ी परेशानियों का जिक्र किया था।
मुरलीधर पर भी बेटे की मौत का मानसिक असर पड़ा था। संगीता ने अपने वीडियो में इस बात का भी जिक्र किया था। हालांकि, ताजा घटना और इन पुराने वीडियो में किए गए दावों के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
जानकारी के मुताबिक, कुनाल अपने पिता से बेहद नाराज था। बताया जा रहा है कि आईफोन-15 की ईएमआई भरने को लेकर पिता-पुत्र के बीच यह विवाद हुआ था। इसके बाद कुनाल शुक्रवार सुबह 10 बजे के करीब पहाड़ी पर कथित तौर पर खुदकुशी करने पहुंचा। इस बारे में पता चलने पर कुनाल के माता-पिता भी उसे समझाने के लिए वहां पहुंचे। करीब तीन घंटे तक उसे समझाने की कोशिश की गई। पुलिस, स्थानीय नागरिक और दमकल विभाग के जवानों ने भी उसे सुरक्षित नीचे लाने का प्रयास किया। कुनाल को बचाने के लिए पहाड़ के नीचे जाल लगाने की भी कोशिश की गई, लेकिन वह बार-बार अपनी जगह बदल रहा था।
आखिरकार बेटे को बचाने के लिए पिता ने उसे अचानक से पकड़ने का फैसला किया। लेकिन पिता मुरलीधर का संतुलन बिगड़ गया और वह भी कुनाल के साथ नीचे गिर गए। इसके बाद बेटे और पति दोनों को नीचे गिरता देखकर संगीता भी पहाड़ी से कूद गई। इस हादसे में कुनाल, मुरलीधर और संगीता तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। खासतौर पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कुनाल के इस कदम के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और सोशल मीडिया पर सामने आए पारिवारिक विवाद से जुड़े दावों का इस घटना से कोई संबंध है या नहीं।