मुंबई

मुंबई में घुसपैठियों पर बड़ा एक्शन, 25 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, मंत्री बोले- ये ममता सरकार की गलती

मुंबई पुलिस ने अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। वर्सोवा इलाके में छापेमारी कर 25 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है।
2 min read
Feb 25, 2026
Mumbai Police Crackdown Bangladeshi Infiltrators
मुंबई में 25 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार (Photo: ANI/IANS)

मुंबई में अवैध घुसपैठ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 25 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें 21 ट्रांसजेंडर व्यक्ति शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यह इस साल मुंबई में अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ की गई अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई है।

शाकुलशाहा दरगाह के पास हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, नियमित गश्त के दौरान वर्सोवा स्थित शाकुलशाहा दरगाह परिसर में कुछ लोगों पर संदेह हुआ। पूछताछ और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के बाद उनके बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि हुई। इसके बाद सभी को हिरासत में ले लिया गया।

वर्सोवा पुलिस की वरिष्ठ अधिकारी दीपशिखा वारे ने बताया कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

कोलकाता और मिजोरम के रास्ते घुसपैठ

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बांग्लादेशी नागरिक सीधे मुंबई नहीं पहुंचे थे। इन्होंने भारत में घुसपैठ के लिए कोलकाता (पश्चिम बंगाल) और मिजोरम की सीमाओं का उपयोग किया। वहां से ये अलग-अलग समूहों में भारत के विभिन्न राज्यों में फैल गए। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए कई लोग पिछले छह से आठ वर्षों से भारत में रह रहे थे। इनमें से कुछ गुजरात और दिल्ली में भी रह चुके हैं।

पुलिस का बड़ा खुलासा

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए 21 लोग ट्रांसजेंडर समुदाय से हैं। अधिकारियों का कहना है कि बांग्लादेश में ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को पर्याप्त सुरक्षा और सम्मान नहीं मिलता, जिसके चलते वे वैकल्पिक रास्तों से भारत आने की कोशिश करते हैं। उनका मानना होता है कि भारत में समानता और अधिकारों के साथ ही रोजगार की बेहतर संभावना है।

ममता सरकार सीमा पर निगरानी सख्त करें- मंत्री

बांग्लादेश से घुसपैठ के मुद्दे पर महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, "ये घुसपैठिये सीधे मुंबई नहीं आते, पहले पश्चिम बंगाल में दाखिल होते हैं। बंगाल सरकार को इन्हें सीमा पर ही रोकना चाहिए। हमारी सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराना गलत है।"

उन्होंने आगे कहा कि महाराष्ट्र सरकार अवैध घुसपैठियों पर लगाम कसने के लिए गंभीर है। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में एक डिटेंशन सेंटर बनाया जाएगा, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है।

इस बीच, मुंबई पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बांग्लादेश घुसपैठियों को शहर में बसाने में किसी स्थानीय नेटवर्क की भूमिका तो नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Updated on:
25 Feb 2026 03:32 pm
Published on:
25 Feb 2026 03:32 pm