
PM Modi photo Controversy: पुणे के शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हटाने के आरोप में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता अमित ठाकरे और उनके समर्थकों के खिलाफ पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज किया है। यह मामला सोमवार को चतुर्श्रृंगी पुलिस थाने में दर्ज किया गया। अमित ठाकरे मनसे प्रमुख राज ठाकरे के बेटे हैं और पार्टी की छात्र इकाई के प्रमुख भी हैं।
जानकारी के मुताबिक, अमित ठाकरे सोमवार दोपहर मनसे (MNS) के सदस्यता अभियान के सिलसिले में शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने अपने 25 समर्थकों से कॉलेज कार्यालय की दीवार पर लगी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर हटाने के लिए कहा।
कॉलेज कार्यालय की दीवार पर प्रधानमंत्री मोदी के साथ छत्रपति शिवाजी महाराज, बाबासाहेब आंबेडकर और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तस्वीरें लगी हुई थीं।
कॉलेज के एक अधिकारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमित ठाकरे और अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अमित ठाकरे और उनके साथ आए लोगों ने बिना अनुमति कार्यालय में प्रवेश किया और प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर हटा दी।
शिकायत के अनुसार, इस दौरान शिकायतकर्ता और अन्य कर्मचारियों को कथित तौर पर धमकियां दी गईं। साथ ही नारेबाजी और हंगामा किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, चतुर्श्रृंगी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अमित ठाकरे ने मामला दर्ज होने के बाद पत्रकारों से कहा, "हां, मैंने प्रधानमंत्री की उस तस्वीर को हटवा दिया जो छत्रपति शिवाजी महाराज और डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की तस्वीरों के ठीक बगल में लगी हुई थी।"
ठाकरे ने कहा कि उनके राजनीतिक करियर में उनके खिलाफ दर्ज पहला पुलिस मामला छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़े एक आंदोलन के कारण दर्ज हुआ था। अगर दूसरा मामला भी शिवाजी महाराज और बाबासाहेब आंबेडकर के सम्मान के लिए दर्ज हुआ है, तो मुझे बहुत गर्व है।
इस मामले को लेकर भाजपा नेता गणेश बिडकर ने अमित ठाकरे पर निशाना साधते हुए उनकी कार्रवाई को राजनीतिक अपरिपक्वता बताया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और महान हस्तियों की तस्वीरें लगाना निर्धारित प्रोटोकॉल का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि ठाकरे को प्रोटोकॉल की जानकारी नहीं है। उन्होंने इस घटना को लेकर ठाकरे की राजनीतिक समझ पर भी सवाल उठाए हैं।
इससे पहले भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बान ने कहा, "अमित ठाकरे ने प्रधानमंत्री का अपमान किया है… उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए।"
हालांकि, बाद में कॉलेज प्रशासन ने प्रधानमंत्री की तस्वीर को उसी जगह पर वापस लगा दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।