Shiv Sena MLA Verdict: सीएम शिंदे ने कहा, उद्धव खेमे को अपने सामने हार नजर आ रही है। इसलिए वे बेचैन है।
Eknath Shinde on Sanjay Raut: शिवसेना विधायकों के लिए बुधवार का दिन बेहद अहम है। महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) राहुल नार्वेकर कुछ देर में शिवसेना विधायकों की अयोग्यता मामले पर अपना फैसला सुनाएंगे। अयोग्यता पर फैसला आने से पहले ही राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने गंभीर आरोप लगाये है। राउत ने दावा किया कि अयोग्यता को लेकर जो नतीजे आज आने वाले है वह पहले से फिक्स है और आज सिर्फ औपचारिकता की जाएगी। इस पर स्पीकर के बाद अब सीएम एकनाथ शिंदे ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
'उद्धव गुट को हार नजर आ रही'
शिवसेना (यूबीटी) के नेता संजय राउत पर पलटवार करते हुए शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने कहा, "हमारे पास बहुमत है। इसी के बलबूते पर हमें चुनाव आयोग ने असली शिवसेना के रूप में माना है। परिणाम योग्यता पर होना चाहिए। हमारी सरकार मजबूती से काम कर रही है.. इसलिए उनके पैरों तले जमीन खिसक गई है। वो बेचैन हो गए है। उन्हें अपने सामने हार नजर आ रही है। इसलिए बेबुनियाद आरोप लगा रहे है। जब उनके पक्ष में फैसला आता है तो सब अच्छा और विपरीत तो बुरे..।” यह भी पढ़े-शिवसेना विधायकों की अयोग्यता पर फैसला ‘फिक्स’ है, PM मोदी को भी पता... संजय राउत का बड़ा दावा
स्पीकर के साथ हुई थी आधिकारिक बैठक
शिंदे ने कागा, “मैच फिक्सिंग अगर होती तो स्पीकर रात में छिपकर मिलने आते लेकिन वे दिनदहाड़े मिलने आये थे, वो भी काफिले के साथ। यह आधिकारिक बैठक थी। स्पीकर होने के साथ ही नार्वेकर विधायक भी है। उन्होंने अपने क्षेत्र के कामों के बारें में मुझसे चर्चा की। वह अपने सामने हार देखकर निराधार आरोप लगा रहे है...जो हमें असंवैधानिक कहते है वें खुद असंवैधानिक हैं।"
‘हमारे पक्ष में होगा फैसला...’
सीएम शिंदे ने कहा, "मैं शाम 4 बजे के बाद आधिकारिक बयान दूंगा। अभी मैं सिर्फ इतना कहना चाहता हूं कि हमारे पास बहुमत है। विधानसभा में 67% और लोकसभा में 75% बहुमत है। हमारे साथ पार्टी के 13 सांसद और 50 विधायक हैं। इस बहुमत के आधार पर, चुनाव आयोग ने हमें असली शिवसेना के रूप में मान्यता दी गई और धनुष-बाण चुनाव चिन्ह आवंटित किया। उम्मीद है कि स्पीकर मेरिट के आधार पर हमारे पक्ष में फैसला देंगे।"
मालूम हो कि उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना (यूबीटी) का आरोप है कि अयोग्यता संबंधी याचिकाओं पर फैसला सुनाने से महज तीन दिन पहले विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गुप्त मुलाकात की, जो बेहद अनुचित है। उद्धव गुट ने इसको लेकर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नार्वेकर 7 जनवरी को सीएम के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ पर उनसे मुलाकात करने गए थे।