मुंबई

‘तीसरी मुंबई’ कहां बसेगी? महाराष्ट्र सरकार ने नए शहर के निर्माण को दी हरी झंडी, जानें खासियत

Third Mumbai: नए शहर की योजना आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और देश की जीडीपी को बूस्ट करने के लिए बनाई गई है।

2 min read
Dec 19, 2023
mumbai_new_city.jpg
Third Mumbai

New Mumbai City: मुंबई के करीब नया शहर 'तीसरी मुंबई' बसाने की योजना बनायीं जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, महाराष्ट्र की शिंदे सरकार ने 'तीसरा मुंबई' विकसित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य मुंबई की बढ़ती आबादी के लिए बेहतर आवास, परिवहन सुविधाएं और बुनियादी ढांचा प्रदान करना है।

मिली जानकारी के मुताबिक, प्रस्तावित नया शहर नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के आसपास बनाया जाएगा। जो मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक (एमटीएचएल) यानि अटल बिहारी वाजपेयी सेवरी-न्हावा शेवा अटल सेतु से मुंबई शहर से जुड़ा होगा। यह भी पढ़े-मुंबई के करीब 350 वर्ग किमी में बसाया जाएगा नया शहर! शुरू हुई तैयारी


कहां बनेगी ‘तीसरी मुंबई’?

हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि 'तीसरा मुंबई' के प्रस्ताव को राज्य सरकार से हरी झंडी मिल चुकी है। इस संबंध में जल्द ही मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) को मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) की सीमाओं को संशोधित करने का आदेश मिलने की संभावना है। ‘तीसरी मुंबई’ के लिए न्यू टाउन डेवलपमेंट अथॉरिटी (एनटीडीए) बनेगी।

323 वर्ग किमी में फैले इस शहर में उल्वे, पेन, पनवेल, उरण, कर्जत और आसपास के कुछ क्षेत्र शामिल होंगे। नवी मुंबई एयरपोर्ट के करीब के 80-90 गांवों सहित लगभग 200 गांवों के भी ‘तीसरी मुंबई’ का हिस्सा बनने की उम्मीद है।

कैसी होगी नई मुंबई?

नए शहर की योजना आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और देश की जीडीपी में योगदान देने के लिए बनाई गई है। नए शहर में सब कुछ होगा। ‘तीसरी मुंबई’ में अच्छी तरह से विकसित शहर में होने वाले सभी आवश्यक बुनियादी ढांचे होंगे। जिसमें लक्जरी और किफायती दोनों आवासीय क्षेत्र, वाणिज्यिक परिसर, डेटा सेंटर से लेकर बड़े नॉलेज पार्क और वित्तीय कंपनियां होंगी। मुंबई लोकल की तरह ही इसमें एक मजबूत सार्वजनिक परिवहन की भी व्यवस्था की जाएगी।

नया BKC बनाने की योजना

एक अधिकारी के मुताबिक, खारघर में दूसरा बीकेसी (बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स) विकसित करने की योजना है। इसे पूरी तरह से व्यावसायिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना है, जो लगभग 150 हेक्टेयर में फैला होगा। जहां भारतीय कंपनियों के साथ ही बहुराष्ट्रीय कंपनियों के दफ्तर हो सकते है। पिछले महीने एमएमआरडीए ने आर्थिक और वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए मुंबई के आसपास नए क्षेत्र स्थापित करने की आवश्यकता पर चर्चा की थी।

Published on:
19 Dec 2023 04:43 pm