नागौर

‘सरकार हमारी पर नहीं सुनते अधिकारी’

नए बूथों पर कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने के निर्देश, कहा ढाणी-ढाणी जाकर आमजन को बताएं सरकार की योजना, गिनाई भाजपा सरकार की उपलब्धियां

2 min read
Apr 09, 2018
खींवसर में आयोजित भाजपा की बैठक में मण्डल पदाधिकारियों से चर्चा करते विधानसभा प्रभारी राजवीर।

खींवसर. प्रदेश ही नहीं केन्द्र में हमारी सरकार होने के बाद भी कार्यकर्ताओं की अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं तो फिर हमारे काम कैसे होंगे। प्रत्येक विभागों में कार्यकर्ताओं को निराशा हाथ लग रही है। इस तरह के आक्रोश भरे संवाद रविवार को खींवसर में आयोजित भाजपा की बैठक में विधानसभा प्रभारी के समक्ष कार्यकर्ताओं ने किए। खींवसर विधानसभा क्षेत्र के पांच भाजपा मण्डलों की आयोजित बैठक में खींवसर विधानसभा प्रभारी जितेन्द्रसिंह राजवी के समक्ष कार्यकर्ताओं ने अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हालात विपक्ष से भी बुरे हैं। उनकी पार्टी पूरे देश में सत्ता में होने के बावजूद छोटे-छोटे काम के लिए उन्हें भटकना पड़ रहा है। जब उन्होंने गांव-ढाणी खाक छानकर पार्टी के लोगों को सत्ता तक पहुंचाया मगर आज उनकी सुनवाई नहीं होने के साथ गांवों में बिजली, पानी, सडक़, चिकित्सा जैसी मूलभुत सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए उनकी कोई नहीं सुन रहे है। मामला बढ़ते देख प्रभावी राजवी ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि आगामी दिनों में प्रदेश मुख्यालय पर बैठक आयोजित कर कार्यकर्ताओं की सुनवाई करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ है और वो मजबूत होंगे तभी संगठन मजबूत होगा। भाजपा की बैठक में खींवसर मण्डल अध्यक्ष शंकरलाल चाण्डक, कुचेरा मण्डल के अध्यक्ष रघु शर्मा, शंखवास मण्डल अध्यक्ष कालुराम फिरड़ोदा, नोखा चांदावता मण्डल अध्यक्ष भवानीसिंह, मण्डल महामंत्री सीताराम प्रजापत, कालुराम दाधीच, उपाध्यक्ष नाथुसिंह निम्बोला, प्रधान पूनाराम मेघवाल, भाजपा पशुपालन प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नरेश भाटी, पंचायत समिति सदस्य रोशन उपाध्याय, भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के बिरमाराम नायक, बिहारीलाल चाण्डक, भाजयुमो के प्रवक्ता अमित शर्मा, भाजपा के जिला मंत्री जंवरीलाल प्रजापत, बाबुलाल वैष्णव सहित कई पदाधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
सरकार ने चलाई अनेक योजनाएं
बैठक में भाजपा के मण्डल अध्यक्ष शंकरलाल चाण्डक ने कहा कि भाजपा के राज में प्रदेश विकास की ओर तेजी से बढ रहा हैं और आने वाले समय में एक नए विकसित राजस्थान का निर्माण होगा। सरकार ने युवाओं को रोजगार , औद्योगिक विकास व गरीब, मजदूर व किसान के लिए लोक कल्याणकारी योजनाएं शुरू कर प्रदेश को एक नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में राष्ट्र का मान विश्व में बड़ा है। देश में हर हाथ को रोजगार मिला है। चाण्डक ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां भी गिनाई।
आम जन तक पहुंचे सरकार की योजनाएं
बैठक में भाजपा पशुपालन प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नरेश भाटी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही लोक कल्याणकारी योजनाओं का समूचित प्रचार-प्रसार हो तथा राज्य सरकार की उपलब्धियों को कार्यकर्ता ढाणी-ढाणी तक पहुंचाएं।

ये भी पढ़ें

फिर एक और किसान ने लगाया मौत को गले
Published on:
09 Apr 2018 06:25 pm
Also Read
View All